यूपी

प्रतापगढ़ में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति खराब, सीडीओ सख्त, लापरवाही पर नोटिस

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अक्टूबर 30, 2026
1 min read • 1.2k views
प्रतापगढ़ में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति खराब

प्रतापगढ़, 30 अक्टूबर 2026। प्रतापगढ़ में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति खराब मिली है। इस पर सीडीओ राम मोहन मीना ने लापरवाही बरतने वाले चिकित्साधिकारियों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। 29 अक्टूबर को सीडीओ डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की बैठक हुई।

बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की गयी। सीडीओ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति में सुधार के लिए विभागीय स्तर पर विशेष प्रयास किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

जननी सुरक्षा योजना के भुगतान की समीक्षा में लालगंज, सांगीपुर एवं पीएचसी सुखपालनगर की प्रगति खराब पाए जाने पर सीडीओ ने संबंधित प्रभारी चिकित्साधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भुगतान की प्रगति में तत्काल सुधार लाया जाए, ताकि लाभार्थियों को योजना का लाभ समय से मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आभा आईडी क्रिएशन की समीक्षा में प्रतापगढ़ अर्बन की प्रगति खराब मिलने पर सीडीओ ने अर्बन हेल्थ कोआर्डिनेटर को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल प्रगति सुधारने के निर्देश दिए। वहीं संस्थागत प्रसव की समीक्षा में सीएचसी सण्डवा चन्द्रिका की स्थिति खराब पाए जाने पर संबंधित चिकित्साधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने आयुष्मान गोल्डेन कार्ड की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि योजना के पात्र लाभार्थियों के अधिक से अधिक गोल्डेन कार्ड बनाए जाएं, जिससे उन्हें योजना के तहत उपचार की सुविधा का लाभ मिल सके।

अनुपस्थित डीपीआरओ को नोटिस

बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर सीडीओ ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। बैठक में अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, नवजात शिशु एवं मातृ टीकाकरण, आशा रिपोर्टिंग एवं भुगतान, नियमित टीकाकरण, फैमिली प्लानिंग, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, एफआरयू, एएनसी पंजीकरण, एनआरसी सेन्टर तथा ई-कवच सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

सीडीओ ने निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि आमजन को समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.एन. प्रसाद सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।