यूपी

प्रतापगढ़ में दो महिलाओं को मिली ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर नियुक्ति, डीएम ने सौंपे नियुक्ति पत्र

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On अगस्त 1, 2026
1 min read • 1.2k views
8842521

प्रतापगढ़, 1 अगस्त 2026। जनपद प्रतापगढ़ में मृतक आश्रित भर्ती नियमावली के तहत दो महिलाओं को ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर नियुक्ति प्रदान की गई। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने शुक्रवार को कैम्प कार्यालय में दोनों नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दोनों नव नियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए ग्रामीण विकास एवं जनसेवा में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप यह व्यवस्था दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से लागू की गई है। 
            जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे ने बताया है कि विकास खण्ड सदर में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी स्वर्गीय अविनाश कुमार मिश्र का 27 अप्रैल 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था। इसके उपरांत उनकी पत्नी अंकिता मिश्रा ने मृतक आश्रित के रूप में नियुक्ति के लिए आवेदन किया। प्रकरण का परीक्षण मृत सरकारी सेवकों के आश्रितों की भर्ती नियमावली के प्रावधानों के अनुसार किया गया। पात्र पाए जाने पर उन्हें ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर अस्थायी नियुक्ति प्रदान की गई। इसी प्रकार विकास खण्ड बाबागंज में कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारी स्वर्गीय नागेन्द्र कुमार सरोज का 11 जुलाई 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था। उनकी पत्नी दीक्षा सरोज ने मृतक आश्रित के रूप में नियुक्ति हेतु आवेदन किया। नियमानुसार परीक्षण एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद उन्हें भी ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर अस्थायी नियुक्ति प्रदान की गई।
———————
जिला सूचना कार्यालय प्रतापगढ़ द्वारा प्रतापगढ़

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।