प्रतापगढ़ को मिली अमृत भारत ट्रेन की सौगात, 28 अप्रैल को दिखाई जाएगी हरी झंडी

प्रतापगढ़, 26 अप्रैल 2026। प्रतापगढ़ को अमृत भारत ट्रेन की सौगात मिली है। इसके लिए पूर्व सांसद संगमलाल गुप्ता लंबे समय से प्रयासरत रहे। उनका प्रयास रंग लाया और अब 28 अप्रैल 2026 को अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी। पूर्व सांसद ने जनपद वासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

श्री गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार 28 अप्रैल 2026 को अमृत भारत एक्सप्रेस के हरी झंडी दिखाएंगे। इस मौके पर मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन में आयोजित समारोह में लोगों से सम्मिलित होने की अपील है।

उन्होंने बताया कि मेरे द्वारा सांसद रहने के दौरान संसद के शून्य काल में अयोध्या से प्रतापगढ़ प्रयागराज, चित्रकूट व काशी को एक रामायण सर्किट के रूप में डेवलप कर नई ट्रेनों के चलाए जाने की मांग की जाती रही थी। अब श्री अयोध्या धाम से सीधे देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को कनेक्टिविटी देने हेतु अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन का कार्य हरी झंडी दिखाकर सोमवार 28 अप्रैल को किया जा रहा है ।

उसके क्रम में मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन प्रतापगढ़ के रेलवे स्टेशन पर आॅनलाइन उद्घाटन समारोह का आयोजन भी किया गया है ।

अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के बारे में

श्री गुप्ता ने कहा बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन 22111 एवं 22112 आधुनिक तकनीक से बनी जर्क फ्री ट्रेन है। यह अयोध्या धाम जंक्शन से चलकर प्रतापगढ़, प्रयागराज और जबलपुर के रास्ते होते हुए मुंबई एलटीटी स्टेशन तक जाएगी।

इसमें कुल 22 कोच स्लीपर और अनारक्षित श्रेणी के होंगे जो सीसीटीवी और बेहतर टॉयलेट सिस्टम से लैस होंगे। 1500 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली या ट्रेन 26 घंटे 20 मिनट में मुंबई तक का सफर तय करेगी ।

उन्होंने कहा कि यह नई सेवा अयोध्या से मुंबई के बीच बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के साथ-साथ देश के विभिन्न मार्गो से श्रद्धालुओं के श्री अयोध्या धाम आने के साथ-साथ अब एक विशेष रामायण सर्किट के रूप में विकसित हो रहे जनपद प्रतापगढ़ के रेलवे स्टेशन को भी मिले नए नाम मां बेल्हा देवी धाम जंक्शन के रूप में परिवर्तित किए जाने से पर्यटन के रूप में उसका सीधा लाभ प्रतापगढ़ के आंवला व्यापारियों को मिलेगा।

वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के तहत स्टेशन पर ही आंवला उत्पाद आने वाले श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराकर कमाई का संसाधन भी प्राप्त होगा ।

अयोध्या से चित्रकूट तक भी चलेगी ट्रेन

श्री गुप्ता ने बताया कि शीघ्र ही उनके द्वारा की गई मांग के क्रम में अयोध्या से चित्रकूट तक भी सीधी ट्रेन चलाई जाने की संभावनाएं विद्यमान है ।

पूर्व सांसद के सहयोगी विवेक उपाध्याय ने बताया कि सोमवार को अमृत भारत ट्रेन के संचालन उद्घाटन के अवसर पर 28 अप्रैल को रेलवे स्टेशन मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ जंक्शन पर प्रधानमंत्री के समारोह को आनलाइन दिखाए जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

अपने संसदीय काल में रेलवे में सुधार से संबंधित अनेकों कार्य कराने का गौरवशाली कार्य करने वाले पूर्व सांसद संगमलाल गुप्ता ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जनपदवासियों को बधाई दी है।