रायपुर, 14 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ ज्वेलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने मंगलवार 14 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के समक्ष स्वर्णकला बोर्ड के गठन का प्रस्ताव रखा। यह सराफा उद्योग की प्रमुख मांग है। उन्होंने यह प्रस्ताव राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में विश्व मानक दिवस के अवसर पर आयोजित मानक महोत्सव में मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। कमल सोनी ने कहा कि जैसे मध्यप्रदेश और राजस्थान में स्वर्णकला बोर्ड हैं, वैसे ही छत्तीसगढ़ में भी सुनारी कला और कारीगरों के संरक्षण के लिए बोर्ड बनना चाहिए।
कमल सोनी ने बताया कि बीएसआई सराफा लागू होने से प्रदेश के सराफा व्यापार में पारदर्शिता और उपभोक्ता विश्वास दोनों बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था व्यापारियों और ग्राहकों के बीच भरोसे की नई नींव रख रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मांग को लोकहित से जुड़ा विषय बताते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया कि सरकार इस पर शीघ्र निर्णय लेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सराफा व्यवसाय से जुड़ी नीतियों को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा, ताकि व्यापार को नई गति मिले। कमल सोनी ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ के सराफा व्यवसायियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गुणवत्ता, पारदर्शिता और विश्वास पर आधारित व्यापारिक वातावरण निर्मित होगा।
कार्यक्रम में चेम्बर आफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी, इस्पात प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक ए. के. चक्रवर्ती, कैट अध्यक्ष परमानंद जैन और स्टील रिरोलर्स संघ के अध्यक्ष संजय त्रिपाठी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।













