मांधाता में प्राथमिक शिक्षक संघ ने किया सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान

प्रतापगढ़, 16 अप्रैल 2026। मांधाता स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में 15 अप्रैल को सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधान मदन गोपाल ने किया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष रमाशंकर शुक्ल मुख्य अतिथि, विकासखंड शिवगढ़ के अध्यक्ष सत्य प्रकाश पांडेय और प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री विनय सिंह विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विकासखंड मांधाता में सेवानिवृत्त सभी शिक्षकों को स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। प्रतापगढ़ प्राथमिक शिक्षक संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष रमाशंकर शुक्ल को स्मृति चिन्ह एवं अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक विद्यालय डेरवा के प्रधानाध्यापक प्रभा शंकर पाण्डेय ने किया।

मुख्य अतिथि श्री शुक्ल ने कहा कि हम सबको मिलकर समाज के शैक्षिक स्तर को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता है जिससे प्रत्येक व्यक्ति एक कुशल नागरिक के रूप में उभर कर राष्ट्र की उन्नति में सहायक सिद्ध हो सके। राष्ट्र की उन्नति का आधार शिक्षा है। जिस देश की शिक्षा उत्कृष्ट होगी उस देश का का सर्वांगीण उत्थान स्वयंमेव हो जाता है।

प्राथमिक शिक्षक संघ प्रतापगढ़ के जिला मंत्री विनय सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा की शिक्षक आज सेवानिवृत हो रहे हैं किंतु सामाजिक दायित्व उनका आज भी बरकरार है। अपने कार्यों के माध्यम से हम जहां तक पहुंच सकते हैं उस समाज को शैक्षिक दृष्टि से उत्कृष्ट कर मानवीयता की दिशा में एक अच्छा और सुंदर वातावरण का सृजन करने का कार्य करेंगे।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित विकासखंड शिवगढ़ के अध्यक्ष सत्य प्रकाश पांडेय ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक का सेवा में आने का समय अनिश्चित होता है किंतु सेवा में आने के पश्चात सेवानिवृत्ति का समय निश्चित होता है। इसलिए हम सबको और अधिक ऊर्जा के साथ एक सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में राष्ट्र निर्माण में अपने जीवन का कुछ क्षण अवश्य व्यतीत करें जिससे यह राष्ट्र दिनों दिन उन्नत के शिखर पर बढ़ता रहे।

विकासखंड मांधाता के मंत्री रामानंद मिश्रा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का शिक्षकों का स्वागत किया। इस अवसर पर रमेश मिश्रा, मोहम्मद फारूक, आशीष शुक्ला, मनोज सिंह, सत्यजीत सिंह, अंकिता सिंह, सबीना, नीलम देवी, प्रेम यादव, अतुल मिश्रा, अखिलेश, जियालाल, सुजीत मिश्रा आदि उपस्थित रहे।