• Home
  • फिल्म
  • शशि थरूर ने की आमिर खान की फिल्म सितारे ज़मीन पर की तारीफ
शशि थरूर ने की आमिर खान की फिल्म सितारे ज़मीन पर की तारीफ

शशि थरूर ने की आमिर खान की फिल्म सितारे ज़मीन पर की तारीफ

मुंबई, 1 जुलाई 2025। वरिष्ठ नेता, लेखक और पब्लिक इंटेलेक्चुअल डॉ. शशि थरूर ने आमिर खान की हालिया रिलीज फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ की जमकर तारीफ की है। उन्होंने इसे एक इमोशनल और दिल को छू लेने वाली फिल्म करार दिया, जो मनोरंजन के साथ-साथ दर्शकों को गहरी सीख भी देती है।

थरूर ने अपने बयान में कहा, यह फिल्म भावनाओं से भरपूर है और दर्शकों के दिल को गहराई से छूती है। यह न केवल मनोरंजन करती है, बल्कि बहुत कुछ सिखाती भी है। अच्छे सिनेमा के प्रशंसक के रूप में पहचाने जाने वाले थरूर ने आमिर खान की एक्टिंग की भी सराहना की। उन्होंने कहा, आमिर की हर परफॉर्मेंस शानदार होती है, और इस फिल्म में भी उनकी एक्टिंग फर्स्ट क्लास है। मुझे उनसे यही उम्मीद थी।

‘सितारे ज़मीन पर’ आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है, जिसमें आमिर खान और जेनेलिया देशमुख मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन आर.एस. प्रसन्ना ने किया है, जिन्होंने पहले ‘शुभ मंगल सावधान’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म दी थी। इस फिल्म में 10 उभरते सितारे भी नजर आए, जिनमें अरूष दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, सम्वित देसाई जैसे नाम शामिल हैं। फिल्म का स्क्रीनप्ले दिव्य निधि शर्मा ने लिखा है, जबकि गाने अमिताभ भट्टाचार्य और संगीत शंकर-एहसान-लॉय की तिकड़ी ने दिया है। आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने रवि भागचंदका के साथ मिलकर इसे प्रोड्यूस किया है।

20 जून 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म दर्शकों और समीक्षकों से खूब वाहवाही बटोर रही है। थरूर ने कहा, यह फिल्म हर उस शख्स को देखनी चाहिए जो सिनेमा से मनोरंजन के साथ प्रेरणा भी लेना चाहता है।