रायपुर, 5 अक्टूबर 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुए चांदी लूट की घटना का खुलासा कुछ ही घंटों में पुलिस ने कर दिया। यह घटना छानबीन के दौरान पूरी तरह से फर्जी पायी गयी। इसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता राहुल गोयल से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। इस घटना की पूरी कहानी राहुल गोयल ने ही गढ़ी थी।
रायपुर के एसएसपी डॉ. उमेंद सिंह ने मीडिया को पूरी जानकारी दी। बता दें 4 अक्टूबर 2025 को थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत सदर बाजार जैन मंदिर के पीछे निवासी राहुल गोयल ने दोपहर लगभग 12 बजे पुलिस को सूचना दिया कि 3 अक्टूबर की दरम्यानी रात्रि वह अपने घर में सो रहा था, इसी दौरान रात्रि लगभग 3 बजे दो नकाबपोश अज्ञात व्यक्ति उसके घर आकर दरवाजा खटखटाये।
उसने दरवाजा खोला तो दोनों व्यक्ति जबरन कमरे अंदर प्रवेश कर उसे पकड़ लिये उसे कुछ सुंघाकर उसके दोनों हाथ को खिड़की के सहारे रस्सी से बांध दिया। कमरे में रखे लगभग 86 किलोग्राम चांदी को लूट कर फरार हो गये। पूछताछ में राहुल गोयल द्वारा उस पर कर्ज होने एवं सट्टे में हारे गये पैसों की भरपाई हेतु चांदी को कुछ-कुछ मात्रा में ग्राहकों को बिक्री करना बताया गया। राहुल गोयल चैन फाउंडेशन आॅफ आगरा नामक कंपनी में कार्य करता है, कंपनी द्वारा चांदी का निर्माण किया जाता है। राहुल का कार्य रायपुर में रहकर कंपनी के लिये आॅर्डर लेना तथा माल बिक्री करने का था।














