मध्य प्रदेश में अपराधों पर नियंत्रण के लिए मुख्यमंत्री ने अफसरों को किया अलर्ट

01-June-2024

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आकस्मिक रूप से पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने लोकसभा निर्वाचन के सभी चरणों की प्रदेश में शांतिपूर्ण ढंग से पूर्णता पर प्रसन्नता व्यक्त की और पुलिस बल को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अपराधों पर नियंत्रण के लिए हमेशा अलर्ट रहने के निर्देश दिए और आगामी बड़े कार्यक्रमों एवं आयोजनों के लिए सख्ती और सजगता के साथ आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।


मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होने पर विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्कूल-कॉलेज परिसरों में सद्भाव का वातावरण बनाए रखने के लिए हरसंभव आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संभाग स्तर पर कानून व्यवस्था की समीक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों को सौंपे गए दायित्व और भूमिका की समीक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने आने वाले त्योहारों के मद्देनजर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अशोकनगर पुलिस अधीक्षक (एसपी) पर अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए और थाना प्रभारी इछावर को निलंबित करने के आदेश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में रात्रि विश्राम करें और सतत निरीक्षण के साथ ही कानून-व्यवस्था की दृष्टि से आदर्श स्थिति बनाए रखें। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिस बल से संवाद बनाए रखने पर भी जोर दिया।


मुख्यमंत्री ने हाल ही में अशोकनगर में कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा शस्त्र लहराने की घटना के संदर्भ में कहा कि अपराधियों में पुलिस का खौफ होना चाहिए। अवैधानिक कार्य में साथ देने वाले परिवार के सदस्यों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए स्क्रीनिंग कर ऐसे व्यक्तियों की पृष्ठभूमि की जानकारी तत्काल सामने लाई जाए। दोषियों को बिल्कुल भी नहीं बख्शा जाना चाहिए और पुलिस का एक्शन अविलंब होना चाहिए। वरिष्ठ अधिकारियों को अपने कार्यक्षेत्र में हुए अपराधों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए अपराधिक घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए अधीनस्थ अमले को निरंतर सचेत और प्रेरित करने की आवश्यकता पर बल दिया।


डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान समय सोशल मीडिया का है, इसलिए आमजन को अपराध नियंत्रण की जानकारी निरंतर मिलनी चाहिए। अपराधिक घटनाओं के वीडियो प्रचारित होते हैं, साथ ही पुलिस बल द्वारा अपराध नियंत्रण के लिए की गई आवश्यक कार्रवाई को भी तत्परता से सोशल मीडिया पर प्रचारित और प्रसारित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अक्सर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई प्रचारित न होने से अपराधिक तत्वों के हौसले बढ़ते हैं। इस दिशा में ट्विटर, फेसबुक और सोशल मीडिया के अन्य माध्यमों से की गई कार्रवाई की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाए। पुलिस मुख्यालय, जोन स्तर और जिला स्तर पर प्रतिदिन प्रेस विज्ञप्ति जारी करने की परंपरा सशक्त होनी चाहिए, जिससे पुलिस के एक्शन की जानकारी जन-जन तक पहुंचे।


मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा निर्वाचन-2024 में मध्यप्रदेश में चारों चरणों में निर्वाचन प्रक्रिया निर्बाध रूप से सम्पन्न हुई। उन्होंने इसके लिए पुलिस बल और अन्य शासकीय सेवकों की सराहना करते हुए बधाई दी। बैठक में यह भी बताया गया कि पिछले 6 महीनों में विभिन्न प्रकार के अपराधों में 10 से 15% की कमी आई है, जो प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार का संकेत है।






Related News
thumb

महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्य सचिव बनीं सुजाता सौनिक

महाराष्ट्र के नये मुख्य सचिव के रूप में 30 जून 2024 को सुजाता सैनिक ने कार्यभार संभाल लिया। वह पहली महिला आईएएस अधिकारी है जो महाराष्ट्र में मुख्य...


thumb

शिंदे को स्वामी विजयानंद ने दिया पुनः पूर्ण बहुमत की सरकार बनने का ...

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से उनके निवास पर स्वामी विजयानंद सरस्वती ने भेंट की। इस मुलाकात के दौरान स्वामी विजयानंद ने मुख्यमंत्री शिंदे...


thumb

अमरावती जिले के मेलघाट क्षेत्र में भीषण जल संकट से लोग परेशान

महाराष्ट्र के अमरावती जिले के मेलघाट क्षेत्र में भीषण जल संकट से लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों ...


thumb

झारखंड पहुंचे राजा भैया ने बीजेपी नेता निशिकांत दुबे के लिए मांगा वोट

झारखंड की राजनीतिक सरगर्मियों में एक और महत्वपूर्ण मोड़ तब आया जब उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेता राजा भैया ने झारखंड में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ...


thumb

मुंबई में आंधी ने मचाया कोहराम, 8 की मौत

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को सोमवार को जोरदार आंधी ने हिला डाला। धूल भरी इस आंधी के चलते लोग जहां के तहां फंस गए और कई जगहों पर ट्रैफिक बाधित रहा...