देश

प्रतापगढ़ में स्ट्रॉबेरी की खेती से लखपति होंगे किसान, किसान नईम ने रचा इतिहास

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On फ़रवरी 26, 2026
1 min read • 1.2k views
प्रतापगढ़ में स्ट्रॉबेरी की खेती से लखपति होंगे किसान

प्रतापगढ़, 26 फरवरी 2026। यूपी के प्रतापगढ़ में किसान अब स्ट्रॉबेरी की खेती से लखपति बनेंगे। इसकी प्रेरणा देकर सरखेलपुर के किसान नईम ने इतिहास रच दिया है।

विकास खण्ड बाबा बेलखरनाथ धाम के ग्राम सरखेलपुर के प्रगतिशील किसान मो. नईम को लोग पप्पू मैंगो वाले के नाम से जानते हैं। नईम ने परंपरागत खेती से हटकर स्ट्रॉबेरी उत्पादन की दिशा में कदम बढ़ाया। नईम ने इस नई खेती से जिले में नई कृषि क्रांति की शुरुआत की है।

आम के व्यवसाय से जुड़े रहे नईम ने उद्यान विभाग के सहयोग से पहली बार व्यावसायिक स्तर पर स्ट्रॉबेरी की खेती की। अल्प समय में ही वह उल्लेखनीय सफलता अर्जित कर चर्चा में आ गए हैं। उद्यान विभाग द्वारा उन्हें स्वीट चार्ली प्रजाति के 5000 पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए गए।

इसके अतिरिक्त नईम ने स्वयं महाराष्ट्र के प्रसिद्ध स्ट्रॉबेरी उत्पादक क्षेत्र महाबलेश्वर से 20,000 पौधे पार्थेनोप 115 पी.बी.आर. प्रजाति के मंगवाए। कुल 0.40 हेक्टेयर भूमि में नवंबर माह में रोपण कर आधुनिक तकनीक, संतुलित पोषण प्रबंधन एवं नियमित सिंचाई व्यवस्था के माध्यम से फसल तैयार की गई।

वर्तमान समय में उनके खेत से प्रतिदिन औसतन 60 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली स्ट्रॉबेरी का उत्पादन हो रहा है। बाजार में उन्हें रूपये 250 प्रति किलोग्राम की दर से थोक मूल्य प्राप्त हो रहा है। 20, 21 एवं 22 फरवरी 2026 को आयोजित मण्डलीय फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी, प्रयागराज में नईम ने स्ट्रॉबेरी की दो अलग-अलग श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

नईम का चयन राइजिंग प्रतापगढ़ कार्यक्रम के अंतर्गत नवोन्मेषी कृषक के रूप में किया गया है। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने उनके उत्पाद की प्रशंसा करते हुए उन्हें सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि नईम की सफलता यह दर्शाती है कि यदि किसान परंपरागत फसलों के साथ-साथ बागवानी एवं उच्च मूल्य वाली फसलों को अपनाएं तो कम भूमि में भी बेहतर आय अर्जित की जा सकती है। उन्होंने अपेक्षा की कि नईम जनपद के अन्य कृषकों को भी प्रेरित करेंगे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।