प्रतापगढ़, 27 जून 2025। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के मेधावी युवा राज पाण्डेय ने भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (BARC) में साइंटिस्ट-सी (ए-क्लास ऑफिसर) के रूप में चयनित होकर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ा दी है। राज, रानीगंज कैथौला स्थित श्रीकृष्ण संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रबंधक अजितानंद पाण्डेय उर्फ अजय पाण्डेय के पुत्र हैं।
राज पाण्डेय ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस सफलता ने साबित कर दिया कि छोटे शहरों के युवा भी उचित अवसर और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर, जो भारत के परमाणु अनुसंधान का प्रमुख केंद्र है, में साइंटिस्ट के रूप में चयनित होना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने राज की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा, राज पाण्डेय ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे प्रतापगढ़ जिले का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है। मैं उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं।
स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने भी राज की इस उपलब्धि पर गर्व जताया है। उनके शिक्षकों के अनुसार, राज बचपन से ही मेधावी और अनुशासित रहे। उनकी यह सफलता नई पीढ़ी को विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।














