• Home
  • छत्तीसगढ़
  • स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, त्रिमूर्ति नगर में हुआ शाला प्रवेश उत्सव
स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, त्रिमूर्ति नगर में हुआ शाला प्रवेश उत्सव

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, त्रिमूर्ति नगर में हुआ शाला प्रवेश उत्सव

रायपुर, 29 जून 2025। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, त्रिमूर्ति नगर, रायपुर में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और नवप्रवेशी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत नवप्रवेशी बच्चों के पारंपरिक स्वागत से हुई, जिसमें उन्हें तिलक लगाकर, फूलों की वर्षा और चॉकलेट वितरित की गई। सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को गणवेश और पाठ्यपुस्तकें प्रदान की गईं। विद्यालय ने कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को प्रमाण पत्र और मेडल से सम्मानित किया। विशेष रूप से, इन छात्रों के माता-पिता को भी सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों की सफलता में परिवार की भूमिका को रेखांकित किया गया।

स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों के अनुशासन और सेवा भाव की सराहना की गई। अपने प्रेरक उद्बोधन में विधायक पुरंदर मिश्रा ने छात्रों को नशा, मोबाइल के दुरुपयोग और सोशल मीडिया की लत से बचने की सलाह दी। उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए शेड और बाथरूम निर्माण की घोषणा की, साथ ही बच्चों की शिक्षा और सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती किर्ति सोनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष कमलेश शर्मा, वार्ड पार्षद खगपति, पूर्व पार्षद गोपाल सोना, जीतू सागर, कन्हैया बाघ, कृष्णा राणा, लक्ष्मण सागर, श्रीमती संतोषी साहू, अभिभावक, शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।