प्रतापगढ़, 1 सितंबर 2025। मेधावी बेटी स्वाति सिंह ने अपनी मेहनत और लगन से प्रतापगढ़ का नाम शिक्षा जगत में रोशन किया है। स्वाति सिंह ने राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय में एमए प्रचीन इतिहास में टॉप किया है। इस बार दीक्षांत समारोह में उसे चांसलर मेडल प्रदान किया जाएगा। इस बात का एनाउंस विश्वविद्यालय प्रशासन ने कर दिया है। 11 सितंबर को आयोजित होने वाले समारोह में स्वाति को चांसलर मेडल प्रदान किया जाएगा।
कौन है स्वाति सिंह
स्वाति सिंह प्रतापगढ़ जिले के कुंडा तहसील के बाबूपुर कनावा गांव की निवासी है। पिता शिव बोध सिंह नोएडा में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। मां उमा सिंह गृहणी हैं। वर्तमान में स्वाति सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही है। एमए प्राचीन इतिहास में स्वाति ने 92.5 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं।
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल प्रदान करेंगी मेडल
कुलाधिपति व राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने समारोह में शामिल होने के लिए अपनी अनुमति दे दी है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राज्य विवि के गोद लिए हुए गांवों के स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को दीक्षांत समारोह वाले दिन पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त खिलाड़ियों को भी चेक व प्रमाणपत्र देकर पुरस्कृत किया जाएगा।














