• Home
  • छत्तीसगढ़
  • रायपुर में हेरोइन के साथ महिला सहित तीन गिरफ्तार
रायपुर में हेरोइन के साथ महिला सहित तीन गिरफ्तार

रायपुर में हेरोइन के साथ महिला सहित तीन गिरफ्तार

रायपुर, 12 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ की राजधनी रायपुर में पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अंतर्राज्यीय सप्लायरों और स्थानीय नेटवर्क के गठजोड़ को तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

11 अगस्त 2025 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि थाना कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर स्थित बूढ़ातालाब कंटेनर के पास एक महिला और दो व्यक्ति हेरोइन रखकर बिक्री की फिराक में ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर लखन पटले, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल, सीएसपी कोतवाली केशरीनंदन नायक, डीएसपी क्राइम संजय सिंह और थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये के अनुसार संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मोहम्मद जाहिद, साहिल रजा और अफजिया अख्तर उर्फ मेहक, निवासी रायपुर बताया। तलाशी में उनके पास से कुल 6.42 ग्राम हेरोइन और घटना में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये आंकी गई।

पुलिस ने महिला आरोपिया सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रायपुर पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी, ताकि शहर को नशे के जाल से मुक्त किया जा सके।