• Home
  • छत्तीसगढ़
  • सामान्य प्रसव से तीन बच्चों का जन्म, मां और शिशु स्वस्थ
सामान्य प्रसव से तीन बच्चों का जन्म, मां और शिशु स्वस्थ

सामान्य प्रसव से तीन बच्चों का जन्म, मां और शिशु स्वस्थ

रायपुर, 1 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भाटापारा में 31 जुलाई 2025 को एक दुर्लभ और सुखद घटना घटी, जब 29 वर्षीय सरोजिनी वर्मा ने सामान्य प्रसव के माध्यम से तीन बच्चों को जन्म दिया। इस प्रक्रिया की सबसे खास बात यह रही कि मां और तीनों नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ हैं। यह मामला ग्राम कोदवा की निवासी सरोजिनी वर्मा का है, जिन्हें प्रसव पीड़ा के बाद भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।

सरोजिनी के पति हेमलाल वर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी का प्रसव पूरी तरह सामान्य रहा और यह प्रक्रिया निःशुल्क संपन्न हुई। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ की तारीफ करते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों ने सहयोगात्मक रवैया अपनाया और पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों की तत्परता और समर्पण ने इस जटिल प्रसव को सफल बनाया।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र माहेश्वरी के मार्गदर्शन में चिकित्सा टीम ने प्रसव के बाद मां और तीनों नवजात शिशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। परीक्षण में सभी शिशु और मां स्वस्थ पाए गए। डॉ. माहेश्वरी ने बताया कि इस तरह के जटिल प्रसव को सामान्य तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न करना चिकित्सा टीम के लिए गर्व का विषय है। उनकी टीम ने इसे एक मिसाल के रूप में स्थापित किया है।

जिलाधिकारी दीपक सोनी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राजेश कुमार अवस्थी ने भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ की सराहना की। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी कर्मचारियों को बधाई दी और जन स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इस तरह की घटनाएं स्वास्थ्य सेवाओं में विश्वास बढ़ाती हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम हैं।