गौरा (प्रतापगढ़), 31 मई 2026। प्रतापगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को धरातल पर मजबूत करने और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने एक सराहनीय पहल की है। 28 मई 2026 को सीएमओ ने दूरभाष के माध्यम से सीधे जनपद के निवासियों और पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर जमीनी हकीकत जानी।
इस विशेष जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान सुल्तानपुर के पूर्व बीडीसी एमडी सोनी ने अपने क्षेत्र की एक गंभीर समस्या से सीएमओ को अवगत कराया। उन्होंने सुल्तानपुर स्थित उपकेंद्र के जर्जर भवन का मुद्दा उठाते हुए बताया कि भवन की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। इसके कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं और ग्रामीणों को उपचार के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
एमडी सोनी ने विभाग से मांग किया कि स्वास्थ्य केंद्र की इस जीर्ण-शीर्ण इमारत को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त किया जाए। या फिर इसके स्थान पर नए भवन का निर्माण सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
पूर्व बीडीसी की बात को गंभीरता से सुनते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी समस्या विभाग की प्राथमिकता में है। सीएमओ ने कहा कि जर्जर उपकेंद्रों का चिह्नीकरण किया जा रहा है। उक्त केंद्र के संबंध में विभागीय स्तर पर जल्द ही प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रस्ताव स्वीकृत होते ही नए भवन के निर्माण हेतु बजट आवंटित कर दिया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो सकें।
