प्रतापगढ़, 19 सितंबर 2026। अजगरा महान संवाद–2026 में ‘अजगरा यक्ष सम्मान’ प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाने वाले राजीव कुमार सिंह का आज कंपोजिट विद्यालय पुरेली में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित समारोह में प्रधानाध्यापक सुरेश प्रसाद एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने राजीव कुमार सिंह को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर माल्यार्पण कर सम्मानित किया तथा उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रीति सिंह, दिनेश कुमार सरोज, विनय सिंह, खुशबू मौर्य, मंजू देवी पटेल, प्रमिला सरोज, कौशलेंद्र प्रताप सिंह एवं ज्योत्स्ना सिंह सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। शिक्षकगण ने कहा कि अजगरा महान संवाद जैसे वैचारिक मंच पर सफलता प्राप्त करना न केवल राजीव कुमार सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि विद्यालय परिवार के लिए भी गर्व का विषय है। उनके तर्कपूर्ण चिंतन, अध्ययनशीलता और प्रभावशाली अभिव्यक्ति ने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय के बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों को मिष्ठान वितरित कर उनकी खुशी में उन्हें भी सहभागी बनाया गया। समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने राजीव कुमार सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि विद्यार्थियों को भी अध्ययन, चिंतन और प्रश्न पूछने की प्रेरणा देगी।
