विकास शील छत्तीसगढ़ के नये मुख्य सचिव नियुक्त

विकास शील छत्तीसगढ़ के नये मुख्य सचिव नियुक्त

रायपुर, 25 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ शासन ने 25 सितंबर को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फैसला लेते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकास शील को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त कर दिया। 1994 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारी विकास शील को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पसंद माना जा रहा है।

वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं, और विकास शील उनके स्थान पर कार्यभार संभालेंगे। राज्य शासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। आईएएस विकास शील एक इंजीनियर हैं, जिनके पास बीई और विद्युत इंजीनियरिंग में मास्टर्स डिग्री है। उन्होंने राज्य में कोरिया, बिलासपुर और रायपुर जैसे जिलों में कलेक्टर के रूप में सेवा दी है।

इसके अलावा, शिक्षा, खाद्य, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभागों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। केंद्र स्तर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में महामारी तैयारियों के लिए अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्य किया, और जल जीवन मिशन के मिशन डायरेक्टर के रूप में जल शक्ति मंत्रालय में ग्रामीण जल आपूर्ति कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

जनवरी 2024 से वे मनीला में एशियाई विकास बैंक (एडीबी) में कार्यकारी निदेशक के पद पर थे, जहां से केंद्र ने उन्हें वापस बुलाया। यह नियुक्ति कई सीनियर आईएएस अधिकारियों को पीछे छोड़ते हुए हुई है, जिससे प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गईं। रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू जैसे पांच वरिष्ठ अधिकारियों से आगे निकलना विकास शील के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

उनकी वैश्विक अनुभव राज्य के औद्योगिक निवेश, बस्तर विकास और पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम जैसे क्षेत्रों में नई दिशा देगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नियुक्ति पर बधाई देते हुए कहा कि विकास शील के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रशासन और मजबूत होगा। अमिताभ जैन के कार्यकाल की उन्होंने सराहना की।