रायपुर, 29 जून 2025। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में ‘यंग इंडियन पार्लियामेंट’ कार्यक्रम का सफल आयोजन हुआ। रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की भूमिका से अवगत कराना था। छात्र-छात्राओं ने संसद की कार्यप्रणाली का प्रतीकात्मक मंचन किया, जिसमें प्रश्नोत्तर सत्र, चर्चा और प्रस्ताव पेश किए गए।
श्री मिश्रा ने अपने प्रेरक भाषण में कहा, कोई भी कार्य करने से पहले स्वयं उसका पालन करें। उन्होंने युवाओं को नशा, मोबाइल के दुरुपयोग और सोशल मीडिया की लत से बचने की सलाह दी। उन्होंने समय और धन के सही उपयोग तथा कार्य की पूर्व योजना को सफलता की कुंजी बताया। श्री मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं और केंद्र-राज्य सरकारों के आत्मनिर्भर भारत के प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने छत्तीसगढ़ को ‘धान का कटोरा’ कहे जाने का कारण और राज्य की कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था, किसानों की मेहनत व सरकारी योजनाओं का महत्व समझाया।
उन्होंने जोर देकर कहा, आज के बच्चे कल के नेता हैं। सही दिशा और मंच मिलने पर वे देश और प्रदेश का भविष्य संवार सकते हैं। उनके सरल और प्रभावशाली भाषण ने छात्रों, शिक्षकों और उपस्थित लोगों को गहरे तक प्रभावित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद रहे। यह आयोजन युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।













