asr24news

बस्तर के सुकमा में 12 नक्सली ढेर, अभियान जारी

रायपुर, 3 जनवरी 2026। जैसे-जैसे मार्च 2026 निकट आ रहा है, एंटी नक्सल आपरेशन तेज होता जा रहा है। 3 जनवरी 2026 की सुबह छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया। इसकी पुष्टि सुकमा के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने किया है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों ने किस्टाराम थाना क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन के दौरान 12 नक्सलियों को मार गिराया। यह मुठभेड़ सुकमा के घने जंगलों में हुई, जहां नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर अभियान चलाया जा रहा था।

DRG के जवान किस्टाराम इलाके में तलाशी अभियान पर निकले थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। कई घंटों तक चली भीषण मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

सुरक्षाबलों ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। इसमें एके-47 और इंसास राइफल सहित अन्य नक्सली सामग्री शामिल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मारे गए नक्सलियों में कई हार्डकोर कैडर के सदस्य होने की आशंका है, जिन पर इनामी होने की भी संभावना जताई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान जारी है। राज्य पुलिस और प्रशासन ने इस कार्रवाई को नक्सलवाद के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि बताया है।