छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में अब गांव में मिलेगी कानूनी सहायता; रायपुर में शुरू हुई ई-सेवा वैन

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 26, 2026
1 min read • 1.2k views
छत्तीसगढ़ में अब गांव में मिलेगी कानूनी सहायता

रायपुर, 26 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में अब लोगों को कानूनी जानकारी, न्यायालय में लंबित मामलों की स्थिति और मुफ्त कानूनी सहायता के लिए बार-बार जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उच्चतम न्यायालय की ई-सेवा मोबाइल वैन के माध्यम से रायपुर जिले के गांवों और दूरदराज के इलाकों तक न्यायिक सेवाएं पहुंचाई जाएंगी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर को यह मोबाइल वैन 15 दिनों के लिए उपलब्ध कराई गई है। इसकी शुरुआत 26 नवंबर 2026 को मंदिर हसौद के लखौली गांव से ‘न्याय आपके द्वार’ थीम पर की गई।

इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण, आदिवासी और वंचित क्षेत्रों के लोगों को डिजिटल कानूनी सेवाओं से जोड़ना तथा जरूरतमंदों तक नि:शुल्क कानूनी सहायता पहुंचाना है। मोबाइल वैन को जिले के विभिन्न तहसील, तालुका और चिन्हांकित गांवों में भेजा जाएगा।

एक ही जगह मिलेगी कई न्यायिक सेवाएं

ई-सेवा मोबाइल वैन के माध्यम से नागरिक अपने न्यायालय में लंबित मामलों की स्थिति जान सकेंगे। इसके अलावा कॉज लिस्ट, न्यायालयीन आदेश, निर्णय और ई-प्रमाणित प्रतियां प्राप्त करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। लोगों को ई-फाइलिंग और ई-पेमेंट की प्रक्रिया में भी सहायता मिलेगी।

इस व्यवस्था के जरिए कानूनी सहायता की जरूरत वाले लोगों की पहचान कर पात्र व्यक्तियों को नि:शुल्क विधिक सेवाओं से जोड़ा जाएगा। साथ ही मध्यस्थता, लोक अदालत, मुकदमेबाजी से पहले समझौते और विवादों के वैकल्पिक समाधान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी।

पैनल अधिवक्ता और तकनीकी स्टाफ रहेंगे मौजूद

मोबाइल वैन में लोगों की सहायता के लिए पैनल अधिवक्ता, पैरालीगल वॉलंटियर और तकनीकी स्टाफ तैनात रहेंगे। इनके माध्यम से नागरिकों को कानूनी सलाह, डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल और उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी मिलेगी। अधिकृत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधाओं और न्यायिक सेवाओं तक पहुंच बनाने में भी मदद की जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम नागरिकों से इस पहल का लाभ उठाने की अपील की है। विशेष रूप से ग्रामीण, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लोगों से मोबाइल वैन के माध्यम से नि:शुल्क कानूनी जानकारी और सहायता प्राप्त करने का आग्रह किया गया है।

इस पहल से न्यायिक सेवाओं को आम लोगों के करीब लाने और आर्थिक या भौगोलिक कारणों से न्याय तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों को कम करने की उम्मीद है।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।