खेल

प्रतापगढ़ के लाल का शिर्डी में होगा सम्मान

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On जनवरी 3, 2026
1 min read • 1.2k views
asr24news

प्रतापगढ़, 3 जनवरी 2026। जनपद प्रतापगढ़ के लिए एक बार फिर गर्व का क्षण सामने आया है। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कर्मराज सिंह उर्फ मनजीत ने अपनी खेल प्रतिभा के दम पर जिले का नाम राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन किया है। इस बार उन्हें इंटरनेशनल अचीवर्स अवॉर्ड के लिए चयनित किया गया है, जिसे खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और प्रदर्शन के लिए दिया जाता है।

कर्मराज सिंह उर्फ मनजीत प्रतापगढ़ शहर के करनपुर निवासी हैं। वह वरिष्ठ अधिवक्ता धर्मराज सिंह उर्फ लल्लू सिंह के छोटे भाई हैं। बचपन से ही खेल के प्रति गहरी रुचि रखने वाले मनजीत ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर लॉन बॉल और वॉलीबॉल में अपनी अलग पहचान बनाई। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी का दर्जा हासिल किया।

खेल जगत में उनके योगदान और उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें इंटरनेशनल अचीवर्स अवॉर्ड से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान 6 जनवरी 2026 को एक विशेष समारोह में साईं बाबा के मुख्य ट्रस्टी के हाथों प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान न सिर्फ कर्मराज सिंह के लिए, बल्कि पूरे प्रतापगढ़ जनपद के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

कर्मराज सिंह की इस सफलता से जिले के खिलाड़ियों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मनजीत की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। कर्मराज सिंह उर्फ मनजीत को मिले इस सम्मान पर जनपदवासियों, खेल संगठनों और शुभचिंतकों ने खुशी जताई है।

लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। जिले के खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि मनजीत आगे भी इसी तरह देश और जनपद का नाम रोशन करते रहेंगे और युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन कर खेल संस्कृति को और मजबूत बनाएंगे।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।