रायपुर, 12 जनवरी 2026। विकल्प तिवारी का रणजी ट्रॉफी टीम में चयन हुआ है। विकल्प छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले का प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी है। छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ (सीएससीएस) की सीनियर टीम में उसका चयन रणजी ट्रॉफी 2025-26 के लिए किया गया है। यह पहला मौका है जब राजनांदगांव को कोई खिलाड़ी कम उम्र में रणजी ट्रॉफी जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुआ।
छत्तीसगढ़ की टीम का आगामी दो रणजी ट्रॉफी एलीट मुकाबला दिल्ली और हैदराबाद से होगा। छत्तीसगढ़ और दिल्ली के बीच 22 से 25 जनवरी 2026 तक बीसीसीआई ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड, बेंगलुरु में मुकाबला होगा। हैदराबाद और छत्तीसगढ़ के बीच 29 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, हैदराबाद में मुकाबला होगा।
छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ की आधिकारिक सूची में 15 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इसमें राजनांदगांव जिले से विकल्प तिवारी को शामिल किया गया है। विकल्प तिवारी के चयन की खबर से राजनांदगांव के खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है।
जिला क्रिकेट एसोशिएशन के अध्यक्ष सुशील कोठारी, सचिव योगेश बागड़ी सहित पदाधिकारियों ने विकल्प के चयन पर हर्ष जताया है। यह जानकारी जिला क्रिकेट एसोशिएशन के मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।
















