• Home
  • खेल
  • यूपी के हर गांव में योगी सरकार खोलेगी जिम, बनेगा मिनी स्टेडियम
यूपी के हर गांव में योगी सरकार खोलेगी जिम

यूपी के हर गांव में योगी सरकार खोलेगी जिम, बनेगा मिनी स्टेडियम

लखनऊ 11 फरवरी, 2026। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ ने अपने दूसरे कार्यकाल के आखिरी बजट में स्वस्थ युवा की पहल की है। इसके लिए हर गांव में जिम खोलने और मिनी स्टेडियम की स्थापना का प्रावधान किया गया है। इतना ही नहीं प्रदेश में 18 स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने के लिए भी बजटीय प्रावधान किया गया है।

योगी सरकार ने बुधवार 11 फरवरी को विधानसभा चुनावों से ठीक पहले अपना ‘पिटारा’ खोलते हुए अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक बजट पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सदन में 9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया।

पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बजट के आकार में लगभग 12 प्रतिशत की भारी वृद्धि की गई है। बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने प्रदेश के युवाओं को साधने के लिए खेल और शिक्षा पर विशेष जोर दिया। सरकार ने खेल संस्कृति को ग्रामीण स्तर तक ले जाने का संकल्प दोहराया है।

प्रदेश की सभी 18 कमिश्नरी में नए स्पोर्ट्स कॉलेजों की स्थापना की जाएगी। ‘खेलो इंडिया’ की तर्ज पर अब प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में ओपन जिम और मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे।

बजट का एक बड़ा हिस्सा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, सड़कों के जाल और एक्सप्रेसवे के विस्तार के लिए सुरक्षित रखा गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘एक्सप्रेसवे प्रदेश’ के रूप में अपनी पहचान बना चुका है और आगामी समय में इसे वैश्विक स्तर के लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित किया जाएगा।