इंदौर, 6 अप्रैल 2026। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक चर्चित मामला सामने आया है। अभिनेत्री रेमन कक्कड़ की जमीन पर शराब कारोबारी सूरज रजक ने अवैध कब्जा कर लिया। इसकी जानकारी होने पर अभिनेत्री ने सूरज रजक नामक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई है।
अभिनेत्री रेमन कक्कड़ ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनके परिवार के पास इंदौर में करीब 6.84 हेक्टेयर जमीन है। उन्होंने जानकारी दी कि इस जमीन में से लगभग सवा एकड़ हिस्सा उन्होंने शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए इंदौर विकास प्राधिकरण को सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों के लिए दिया था।
रेमन कक्कड़ के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को उन्हें अचानक एक फोन कॉल प्राप्त हुआ, जिसमें बताया गया कि उनकी जमीन पर कुछ लोग कब्जा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं, जहां उन्होंने देखा कि जमीन पर खंभे लगाए जा चुके थे और निर्माण की तैयारी की जा रही थी। इस दृश्य को देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद अभिनेत्री को थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। इसके बाद लसूड़िया थाने में इस पूरे मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
अभिनेत्री ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी सूरज रजक पहले उनके पति से इस जमीन को लेकर चर्चा कर चुका था। वह उनके घर भी आया था और इस जमीन पर वाइन शॉप खोलने की इच्छा जताई थी। हालांकि, रेमन कक्कड़ और उनके परिवार ने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया था और जमीन किराए पर देने से इनकार कर दिया था।
रेमन कक्कड़ ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपनी जमीन का एक हिस्सा केवल सड़क निर्माण और सार्वजनिक उपयोग के लिए इंदौर विकास प्राधिकरण को दिया है। इसके अलावा यदि कोई अन्य गतिविधि या निर्माण वहां किया जा रहा है, तो वह पूरी तरह से अवैध है और उनके लिए अस्वीकार्य है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और आसपास के लोगों में भी इसको लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला न केवल जमीन कब्जे से जुड़ा है, बल्कि इसमें निजी संपत्ति के अधिकार और शहरी विकास के नाम पर हो रहे संभावित दुरुपयोग जैसे गंभीर मुद्दे भी सामने आए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
इस संबंध में एडीसीपी राजेश दंडोतिया से पूछा गया तो उन्होंने मामले की पुष्टि किया है। एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि अभिनेत्री रेमन कक्कड़ ने शिकायत की है। रेमन ने पुलिस को दी गयी शिकायत में कहा है कि एक शराब की दुकान खोलने के लिए उनकी जमीन को किराए पर लेने के लिए उनके पास एक सूरज रजक नामक व्यक्ति का फोन आया था।
लेकिन उनके पति ने उसे जमीन किराए पर देने से मना कर दिया। बाद में उन्हें पता चला कि उस जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। फिर पुलिस की मदद से कब्जे को रोका गया। लसुड़िया थाना में सूरज रजक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच की जा रही है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।