रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का सही नाम क्या है, इसे लेकर अक्सर शंका बनी रहती है। गूगल से पूछने पर पूरा नाम स्मृति जुबिन ईरानी बताता है। चूंकि गूगल स्मृति जुबिन ईरानी सही नाम दिखाता है लिहाजा सभी यही नाम सही समझते हैं। मीडिया में भी अक्सर स्मृति ईरानी नाम का उल्लेख होता है। पर यह नाम सही नहीं है।
भाजपा की छत्तीसगढ़ इकाई की प्रदेश मीडिया टीम ने इस पर मीडिया के लिए एडवाइजरी जारी की है। भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग, छत्तीसगढ़ ने एडवाइजरी में कहा है कि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा प्रभारी का सही उपनाम ‘इरानी’ है, ईरानी नहीं। पूरा नाम कृपया ‘स्मृति इरानी’ ही प्रकाशित/प्रसारित करेंगे, ऐसा अनुरोध है।
दो दिन दौरे पर थीं छत्तीसगढ़
भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी 25 और 26 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ दौरे पर थीं। यहां उन्होंने पार्टी की कई बैठकों में हिस्सा लिया। सत्ता और संगठन में समन्वय बनाकर काम करने का मंत्र दिया। उन्होंने राज्य सरकार के मंत्रियों को प्रभार वाले जिलों में दौरा करने और वहां के लोगों की समस्या सुनने का निर्देश दिया।
