शिक्षा

देवसरा की मीनाक्षी धुरिया ने किया कमाल, जिले में हासिल किया पहला स्थान

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 4, 2026
2 min read • 1.2k views
मीनाक्षी धुरिया ने पठन प्रतियोगिता में हासिल किया पहला स्थान

Highlights

  • पठन प्रतियोगिता का परिणाम
  • डायट प्रतापगढ़ में आयोजित हुई थी प्रतियोगिता
  • कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग

प्रतापगढ़, 4 नवंबर 2026। पठन प्रतियोगिता में आसपुर देवसरा की मीनाक्षी धुरिया ने कमाल कर दिखाया। उसने प्रतापगढ़ जिले में सभी प्रतिभागियों को पीछे करते हुए फाइनल खिताब अपने नाम कर लिया। इस प्रतियोगिता का आयोजन 2 नवंबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आयोजित की गयी थी। प्रतियोगिता में जिले भर के विद्यालयों से कक्षा 6 से 10वीं तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में मीनाक्षी धुरिया ने पहला स्थान हासिल किया। मीनाक्षी धुरिया, उच्च प्राथमिक विद्यालय पूरे वंशीधर, विकासखंड आसपुर देवसरा की छात्रा है।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों की हिंदी भाषा संबंधी समझ, पठन क्षमता, शब्द ज्ञान एवं व्याकरण के कौशल का मूल्यांकन किया गया। प्रतिभागियों से मीनाक्षी शब्द का अर्थ, सुल्तान का पर्यायवाची सहित हिंदी भाषा एवं व्याकरण से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे गए। मीनाक्षी ने आत्मविश्वास और सटीक उत्तरों के साथ सभी को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, प्रतापगढ़ द्वारा किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता आजाद यादव (पीईएस), डायट प्रवक्ता करुणेश शुक्ला एवं कमल किशोर, आमंत्रित निर्णायक मण्डल सहित अन्य शिक्षाविद उपस्थित रहे।

मीनाक्षी की इस सफलता के पीछे मार्गदर्शक शिक्षक नीलेश कुमार यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता में विद्यालय की इस उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में शिक्षा परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। अरुण यादव, पृथ्वीपाल सिंह, योगेश प्रताप सिंह सहित समस्त शिक्षकों ने छात्रा को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मीनाक्षी धुरिया की इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार एवं पूरे आसपुर देवसरा विकासखंड का नाम रोशन हुआ है। यह सफलता विद्यार्थियों में नियमित पठन-पाठन, भाषा कौशल और शैक्षिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित करने की दिशा में प्रेरणादायक साबित होगी।

इसे भी पढ़ें : वैज्ञानिक नवाचारों से परिचित हुए प्राइमरी स्कूल के बच्चे

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।