प्रतापगढ़, 4 नवंबर 2026। मान्धाता के पत्रकार मुकीम खान ने दो गोल्ड समेत 3 मेडल जीतकर खेल जगत में प्रतापगढ़ जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने यह मेडल 24वीं मास्टर एथलेटिक चैम्पियनशिप मीट में हासिल किये। लखनऊ विश्वविद्यालय के मैदान में खेली गई 24वीं मास्टर एथलेटिक चैम्पियनशिप मीट में प्रदेश भर से प्रतिभागी शामिल हुए थे। इस कड़ी स्पर्धा में मुकीम खान ने दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल को अपने नाम किया।
मोहम्मद मुकीम खान जिले के मानधाता ब्लाक के चमरूपुर गांव के निवासी हैं। वह अधिवक्ता भी हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। 31 अक्टूबर व 1 नवंबर 2026 को लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
मुकीम खान को इसके लिए मिले मेडल
- 800 मीटर की दौड़ को 2 मिनट 30 सेकंड में पूरा कर गोल्ड मेडल हासिल किया।
- 400 मीटर की दौड़ को एक मिनट में पूरा कर गोल्ड मेडल हासिल किया।
- 200 मीटर की दूरी को 30 सेकंड में पूरी कर सिल्वर मेडल प्राप्त किया।
मुकीम खान ने फिर भी दिखाया साहस
कुछ माह पहले मोहम्मद मुकीम ख़ान के पैर में चोट आ गयी थी। फिर भी उन्होंने साहस का परिचय देते हुए प्रतियोगिता जीत कर जनपद का नाम रोशन किया। उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के शरीफ प्रधान, गिरीश मौर्य, साजिद अली, मनोज यादव, रंजीत, सद्दाम, सज्जाद अली आदि लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दिया है।

