कुंडा (प्रतापगढ़), 18 नवंबर 2026। बाबा बागेश्वर आचार्य धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने सनातन विरोधियों को दो टूक शब्दों में जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान धर्म के प्रचार और कथा करने का हमें अधिकार देता है। जो लोग कथा रोकने की बात करते हैं तो उन्हें यह भी समझना होगा कि अकेले कथा नहीं रुकेगी, फिर तो नमाज भी रुकेगी, चर्च में प्रार्थनाएं भी रुकेंगी। ऐसे में तो पूरी व्यवस्था बिगड़ जाएगी।
17 नवंबर को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा स्थित बेंती राजमहल में रामकथा करने पहुंचे आचार्य धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने देर रात पत्रकारों से मुलाकात की और उनके सवालों का एक-एक कर जवाब दिया। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि कथा का लाभ सभी को मिलता है। चाहे वह कथा सुनने वाला हो, कराने वाला हो या फिर कहने वाला हो। अब जब चुनावी समय है तो उसका लाभ चुनावी प्रसंग में भी मिलेगा। बाबा बागेश्वर ने साफ किया कि वह चुनावी लाभ के लिए कभी कथा नहीं करते। उनकी कथा हमेशा चलती रहती है।
आचार्य धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने कथा का विरोध करने वालों को भी कथा सुनने के लिए आमंत्रित किया। बता दें कुंडा के विधायक व पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह राजा भइया के श्रीराम कथा आयोजन को लेकर सियासी विवाद खड़ा करने की कोशिश की गयी। यहां तक कि आचार्य धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के कुंडा आगमन न होने देने का ऐलान किया गया। पर इन सारे विवादों के बीच राजा भइया अडि़ग रहे और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 नवंबर को कथा प्रारंभ हुई।
19 नवंबर तक कथा चलेगी। 20 नवंबर को दिव्य दरबार लगेगा। इसके बाद कथा का समापन होगा। इस कथा में पाकिस्तान से भारत में शरण लेने वाले 500 हिंदू परिवार के लोग भी कथा का श्रवण करने पहुंचे हैं। राजा भइया की ओर से उनके यहां तक लाने और रहने की व्यवस्था की गयी है। कथा के उपरान्त इन परिवारों को संगम में गंगा स्नान कराया जाएगा। इसके बाद अयोध्या ले जाकर उन्हें भगवान रामलला का दर्शन कराया जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस में राजा भइया भी मौजूद रहे।

