छत्तीसगढ़

विज्ञान, गणित और कला के मॉडलों के साथ उद्यमशीलता का भी दिखा हुनर

Ramesh Pandey
By Ramesh Pandey On नवम्बर 28, 2026
1 min read • 1.2k views
सालेम इंग्लिश स्कूल में एड्यूटेनमेंट कार्निवल का आयोजन

रायपुर, 28 नवंबर 2026। पढ़ाई सिर्फ किताबों और परीक्षाओं तक सीमित रहे तो बच्चों की प्रतिभा का पूरा विकास संभव नहीं है। सीखने की प्रक्रिया में प्रयोग, रचनात्मकता और व्यावहारिक अनुभव जुड़ें तो बच्चे न केवल ज्ञान हासिल करते हैं, बल्कि आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करते हैं। इसी सोच के साथ सालेम इंग्लिश स्कूल, रायपुर में शनिवार को एक दिवसीय ‘एड्यूटेनमेंट कार्निवल’ का आयोजन किया गया।

कार्निवल में विद्यार्थियों ने विज्ञान के मॉडल, रचनात्मक परियोजनाओं, खेलों और फूड स्टॉल्स के माध्यम से अपनी प्रतिभा और उद्यमशीलता का प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्निवल में शिक्षा और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित, समाजशास्त्र और कला जैसे विषयों पर आधारित मॉडल और प्रदर्शनियां प्रस्तुत कीं।

इन गतिविधियों के जरिए बच्चों ने अपनी विषयगत समझ, तार्किक क्षमता और नए विचारों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने का हुनर दिखाया। कार्यक्रम का शुभारंभ रेव्ह. सुबोध कुमार ने प्रार्थना के साथ किया। इस अवसर पर डायोसिस आॅफ छत्तीसगढ़, चर्च आॅफ नॉर्थ इंडिया (सीएनआई) के सचिव एवं वाइस चेयरमैन नितिन लॉरेंस विशेष रूप से उपस्थित रहे।

विद्यालय की प्राचार्या रुपिका लॉरेंस, सीजी बोर्ड की प्राचार्या के.के. सिंह और छत्तीसगढ़ डायोसिस के कोषाध्यक्ष जयदीप रॉबिन्सन भी मौजूद रहे। कार्निवल में विद्यार्थियों के लिए फूड स्टॉल्स भी आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने कीमा समोसा, चाट, पकौड़े, पापड़ी चाट, चिकन पकौड़ा, बर्गर, सैंडविच और कोल्ड कॉफी जैसे व्यंजनों के स्टॉल लगाए और उनका संचालन किया।

इस गतिविधि ने विद्यार्थियों को सिर्फ खान-पान का अनुभव नहीं दिया, बल्कि उत्पाद तैयार करने, ग्राहकों से संवाद करने और व्यावसायिक प्रबंधन की शुरुआती समझ विकसित करने का अवसर भी दिया। खेलों, प्रश्नोत्तरी, संवादात्मक प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों ने आयोजन में उत्साह भर दिया। अभिभावकों और आगंतुकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों को सराहा और उनका उत्साह बढ़ाया।

विद्यालय की प्राचार्या रुपिका लॉरेंस ने कहा कि शिक्षा किताबों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बच्चों को ऐसा वातावरण मिलना चाहिए, जहां वे अपनी प्रतिभा पहचान सकें, नए प्रयोग कर सकें और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रख सकें।

Ramesh Pandey

Ramesh Pandey

रमेश पांडेय (Ramesh Pandey) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया और क्षेत्रीय समाचार रिपोर्टिंग में 20 वर्षों का अनुभव है।