नई दिल्ली, 14 जून 2025। अनुमान के अनुसार 14 जून को NEET UG 2025 का परिणाम जारी कर दिया गया। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शनिवार 14 जून को NEET UG 2025 का रिजल्ट जारी किया।
इस बार राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी महेश केसवानी ने ऑल इंडिया टॉप किया है। मध्यप्रदेश के इंदौर निवासी उत्कर्ष अवधिया को दूसरा और मध्य प्रदेश के ही कृषांग जोशी को तीसरा स्थान मिला है। NEET UG 2025 के टॉप-10 में राजस्थान के कुल चार छात्र शामिल हैं, जिनमें से तीन कोटा के हैं।
छात्र अपना रिजल्ट NTA की आधिकारिक वेबसाइट exam.nta.ac.in/NEET, neet.ntaonline.in या exam.nta.ac.in पर लॉगइन कर देख सकते हैं।
75 उम्मीदवारों का रिजल्ट रुका
इस बार इंदौर के परीक्षा केंद्रों पर NEET UG देने वाले 75 परीक्षार्थियों का रिजल्ट फिलहाल जारी नहीं किया गया है। इन छात्रों ने शिकायत की थी कि 4 मई को परीक्षा के दौरान आंधी-तूफान के कारण बिजली गुल हो गई थी जिससे उनका पेपर प्रभावित हुआ। इस मामले पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में 9 जून को सुनवाई हुई थी। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि NTA इन 75 अभ्यर्थियों को छोड़कर बाकी सभी का रिजल्ट जारी कर सकता है। इन छात्रों का परिणाम अलग से घोषित किया जाएगा, जिसके बाद NEET UG 2025 की अंतिम मेरिट सूची जारी होगी।

















