रायपुर, 29 जून 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के ग्राम फुंडहर के पीड़ित किसानों ने रितेश कुमार महतो पर गंभीर आरोप लगाते हुए रायपुर प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता की। किसानों ने दावा किया कि रितेश कुमार शासन-प्रशासन पर दबाव बनाकर उनके पैतृक मकानों को जबरन तुड़वाने की साजिश रच रहा है, ताकि एक खास व्यक्ति को लाभ पहुंचाया जा सके।
किसानों का कहना है कि वे पिछले 30 वर्षों से अपनी भूमि पर बने मकानों में रह रहे हैं, जिनके वैध दस्तावेज (ऋण पुस्तिका क्रमांक 4243392) उनके पास हैं। उन्होंने बताया कि न तो पटवारी, न आरआई, न तहसीलदार, और न ही कलेक्टर कार्यालय से कोई आधिकारिक सीमांकन या निर्माण हटाने की सूचना मिली। यह जानकारी केवल एक मित्र के माध्यम से तहसील कार्यालय से अनौपचारिक रूप से प्राप्त हुई।
प्रभावित किसानों में बनस राम निषाद, सावन बाई निषाद, रामानंद निषाद, सम्पत निषाद, घनाराम निषाद, धर्मेन्द्र निषाद और इंदिरा बाई ने प्रशासन से इस कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनके घर तोड़े गए, तो वे आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी रितेश कुमार और संबंधित अधिकारियों की होगी।
शनिवार 28 जून 2025 को किसानों ने ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू और रायपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपने अधिकारों की रक्षा की मांग की। जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील करते हुए किसानों ने इस अन्याय को रोकने की गुहार लगाई।















