प्रतापगढ़, 2 जुलाई 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में स्थानीय पुलिस कार्यालय में प्रेस क्लब प्रतापगढ़ ने पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार को राष्ट्रीय चिन्ह अशोक की लाट भेंट कर सम्मानित किया। इस शिष्टाचार भेंट वार्ता में पुलिस अधीक्षक ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रतापगढ़ की जनता और प्रबुद्ध नागरिक सामाजिक समरसता बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने इसे अपनी सफलता का प्रमुख कारण बताया।
डॉ. अनिल ने कहा कि देश की जनता को सकारात्मक सामाजिक संरचना और सर्वांगीण विकास में अपनी सोच को शामिल करना चाहिए। नकारात्मक विचारधाराओं से दूरी बनाकर वैधानिक तरीकों को अपनाने से जन समस्याओं का समाधान आसान होता है। इससे प्रशासन और जनता के बीच सकारात्मक संबंध मजबूत होते हैं, जिससे त्वरित न्याय सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नागरिकों का अपेक्षा से अधिक सहयोग मिलने के कारण प्रशासनिक तंत्र ने अपराध नियंत्रण में पूरे आत्मविश्वास और मनोयोग से सफलता हासिल की है। उन्होंने जमीनी विवादों के निपटारे के लिए जिला अधिकारी के सहयोग से राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित करने की बात कही।
इस टीम के माध्यम से विवादित मामलों का मौके पर ही निस्तारण करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिलेगा और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी। डॉ. अनिल ने आशा जताई कि यह पहल जनता के हित में मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार जगत बहादुर सिंह (संस्थापक सदस्य), हरी लाल विश्वकर्मा (पूर्व अध्यक्ष), दीपेंद्र तिवारी (पूर्व अध्यक्ष), मोहम्मद शरीफ खां (वरिष्ठ पत्रकार), पंकज दुबे (अध्यक्ष), जय सिंह बहादुर सिंह (महासचिव), सत्येंद्र प्रताप सिंह बादल (उपाध्यक्ष), अंशुमान सिंह (कोषाध्यक्ष), सीता देवी (पूर्व उपाध्यक्ष), आसिफ सिद्दीकी (प्रेस प्रवक्ता), राम सिंह जोशुआ सहित अन्य गणमान्य पत्रकार उपस्थित रहे।
पत्रकारों ने पुलिस अधीक्षक द्वारा किये जा रहे मीडिया समन्वय को बेहतर बताते हुए उनके कार्यशैली की सराहना की।













