नई दिल्ली, 2 जुलाई 2025। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने द अनटोल्ड केरला स्टोरी पुस्तक का विमोचन किया। यह पुस्तक विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म ‘द केरला स्टोरी’ से प्रेरित है। विपुल अमृतलाल शाह को बॉलीवुड के बेहतरीन निर्माता और निर्देशकों में गिना जाता है।
उन्होंने कई दमदार फिल्में बनाई हैं, लेकिन द केरल स्टोरी उनकी सबसे हिम्मती फिल्मों में से एक मानी जाती है। ये फिल्म एक ऐसे मुद्दे पर बनी थी, जिसे अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। अब इस फिल्म की कहानी से जुड़ी एक पुस्तक भी आ गई है, जिसका नाम है द अनटोल्ड केरल स्टोरी।
इस पुस्तक को सुदीप्तो सेन और अंबिका जेके ने लिखा है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा- इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में प्रख्यात लेखक-निर्देशक सुदीप्तो सेन और लेखिका श्रीमती अंबिका द्वारा रचित पुस्तक The Untold Kerala Story का लोकार्पण किया।
यह मात्र एक पुस्तक नहीं, बल्कि उन असंख्य बेटियों की पीड़ा और हृदय विदारक संघर्ष की गूंज है, जिन्होंने केरल में संगठित और योजनाबद्ध तरीके से कराए गए धर्मांतरण की यातना सही है। यह पुस्तक उन अनकही कहानियों का दस्तावेज है, जिन्हें वर्षों तक अनसुना करने का प्रयास किया गया।
सुदीप्तो सेन और श्रीमती अंबिका ने इस साहसिक रचना के माध्यम से एक ऐसी सच्चाई को समाज के सामने रखा है, जिससे आंखें चुराना अब संभव नहीं। मैं दोनों रचनाकारों को उनके साहस और प्रतिबद्धता के लिए हार्दिक बधाई देती हूं और “The Untold Kerala Story” के लिए शुभकामनाएं देती हूं।
इस अवसर को राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह एवं सुप्रीम कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीमती मोनिका अरोड़ा की गरिमामयी उपस्थिति ने प्रेरणादायी और स्मरणीय बना दिया।

















