• Home
  • छत्तीसगढ़
  • आर्यिका रत्न अन्तर्मति माताजी का रायपुर में मंगल प्रवेश, चातुर्मास की तैयारियां शुरू
आर्यिका रत्न अन्तर्मति माताजी का रायपुर में मंगल प्रवेश, चातुर्मास की तैयारियां शुरू

आर्यिका रत्न अन्तर्मति माताजी का रायपुर में मंगल प्रवेश, चातुर्मास की तैयारियां शुरू

रायपुर, 3 जुलाई 2025। आचार्य श्री विद्यासागर जी-समय सागर जी महाराज की परम प्रभावक शिष्या आर्यिका रत्न 105 अन्तर्मति माताजी ने ससंघ वर्ष 2025 के चातुर्मास हेतु श्री पदम प्रभ दिगंबर जैन मंदिर, लाभांडी, रायपुर में मंगल प्रवेश किया।

सकल दिगंबर जैन समाज के नेतृत्व में यह चातुर्मास सानंद संपन्न होगा। रायपुर के इतिहास में पहली बार माताजी के ससंघ चातुर्मास का आयोजन होगा। 13 जुलाई को चातुर्मास कलश स्थापना श्री पदम प्रभ मंदिर में होगी। चातुर्मास संयोजक विनोद जैन बड़जात्या ने बताया कि माताजी ने टैगोर नगर दिगंबर जैन मंदिर से विहार कर तेलीबांधा, सृष्टि प्लाजा, मेट्रो हेक्सा अपार्टमेंट होते हुए लाभांडी के शांति नगर में प्रवेश किया।

सकल जैन समाज ने गाजे-बाजे और जैन ध्वज के साथ उनकी अगवानी की। रास्ते में रंगोलियां सजाई गईं और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। विभिन्न जैन मंदिरों के अध्यक्षों ने माताजी को श्रीफल भेंट किया। समाजजन पारंपरिक परिधानों में संयमित रूप से पंक्तिबद्ध होकर भक्ति भाव से शामिल हुए।

मंगल प्रवेश के पश्चात माताजी ने आशीर्वचन में लाभांडी जिनालय की प्रशंसा की, जहां गुरु आचार्य विद्यासागर जी के सानिध्य में प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। उन्होंने कहा कि यह चातुर्मास पूरे सकल जैन समाज का है, किसी कॉलोनी विशेष का नहीं, और सभी को मंगल आशीर्वाद दिया।