Join US

स्वराज बापोड़िया ने सीए की फाइनल परीक्षा में किया छत्तीसगढ़ टॉप, देश में हासिल की 6वीं रैंक

रायपुर, 6 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ के मेधावी युवा स्वराज बापोड़िया ने सीए की फाइनल परीक्षा में देश में 6वीं रैंक हासिल की है। इस रैंक के साथ ही वह छत्तीसगढ़ में टॉप करने वाले बन गए हैं। स्वराज बापोड़िया को मिली इस उपलब्धि ने देश में छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया है।

बता दें स्वराज बापोड़िया रायगढ़ के रहने वाले हैं। उनके पिता शिव बापोड़िया और मां रीना के साथ ही चाचा सुभाष बापोड़िया को बधाइयां मिल रही हैं। प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मेधावी स्वराज बापोड़िया और उनके परिवार को बधाइयां दी हैं।

ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया पर लिखा-रायगढ़ के होनहार स्वराज बापोड़िया ने सीए परीक्षा में आल इंडिया छठवीं रैंक हासिल कर पूरे छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। इस शानदार उपलब्धि के साथ स्वराज ने छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य को गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर मेरी ओर से हार्दिक बधाई और उनके उज्ज्वल व सफल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनायें।