प्रतापगढ़ में शिव पुराण कथा का शुभारंभ, भक्तों को मिला भक्ति और ज्ञान का संदेश
प्रतापगढ़, 21 जुलाई 2025। राजगढ़ स्थित गायत्री गंगा पैलेस में शनिवार 19 जुलाई से तीन दिवसीय शिव पुराण कथा का शुभारंभ हुआ। वृंदावन धाम से पधारे कथा व्यास मुकेश आनंद जी महाराज ने भगवान शिव की महिमा का गुणगान कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कथा के प्रथम दिन मुकेश आनंद जी ने भगवान शिव के जीवन, लीलाओं और उनके दैवीय गुणों का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा, शिव पुराण कथा भक्तों को ज्ञान, भक्ति और मोक्ष का मार्ग दिखाती है। यह जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करती है।
नारद प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि नारद को राजा बनने पर अहंकार हो गया, लेकिन पद और प्रतिष्ठा क्षणभंगुर हैं। व्यक्ति को अपने संस्कारों से पहचाना जाता है, और संस्कारों को कभी दूषित नहीं करना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि अहंकार से मुक्ति और संस्कारों की शुद्धता ही सच्चा जीवन मार्ग है।
कथा के दौरान शिव भजनों और विभिन्न प्रसंगों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में डूबे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कथा में मुख्य यजमान चंद्रिका सिंह, राम अकबाल सिंह, सुभाष सिंह, जयनाथ सिंह, प्रज्ञा कुमार सिंह, यज्ञ कुमार सिंह, अजीत सिंह, सुशील शर्मा, तेज सिंह, अरविंद सिंह, शंभूनाथ मिश्र, निहाल सोनी, करुणेश सिंह, दिवाकर सिंह, संजय सिंह, सूर्य नारायण शुक्ल, विश्वा सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
















