• Home
  • छत्तीसगढ़
  • छत्तीसगढ़ के इंजीनियरिंग उत्पादों को मिलेंगे वैश्विक मंच
छत्तीसगढ़ के इंजीनियरिंग उत्पादों को मिलेंगे वैश्विक मंच

छत्तीसगढ़ के इंजीनियरिंग उत्पादों को मिलेंगे वैश्विक मंच

रायपुर, 23 जुलाई 2025। छत्तीसगढ़ के इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्यात के लिए वैश्विक मंच मिले, इसके लिए छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कामर्स ने प्रभावी पहल किया है। इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ इंडिया (EEPC इंडिया) द्वारा रायपुर में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम अयोजित किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के इंजीनियरिंग उत्पादों के वैश्विक सोर्सिंग अवसरों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य के इंजीनियरिंग उत्पादों की वैश्विक बाजारों में पहुंच और निर्यात क्षमता को बढ़ावा देना था। इसमें स्थानीय निर्माताओं और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार की नवीनतम प्रवृत्तियों, सोर्सिंग अवसरों और निर्यात प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उद्योग विभाग के प्रतिनिधि रितुराज ताम्रकार ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा इंजीनियरिंग उद्योगों को प्रदान किए जा रहे अनुदान और सहायता योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सरकार स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए कई प्रोत्साहन योजनाएं चला रही है।

चेंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष जितेंद्र शादीजा ने कहा कि चेंबर हमेशा व्यापारियों के हित में कार्य करने और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य छत्तीसगढ़ के व्यापारियों को वैश्विक मंच पर स्थापित करना और उनकी निर्यात क्षमता को मजबूत करना है।

कार्यक्रम में चेंबर के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, उपाध्यक्ष जितेंद्र शादीजा, उद्योग विभाग के रितुराज ताम्रकार और EEPC इंडिया के पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर विभिन्न इंजीनियरिंग क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों ने वैश्विक व्यापार में अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए उपयोगी सुझाव और रणनीतियां प्राप्त कीं।

प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने बताया कि यह कार्यक्रम स्थानीय उद्योगों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो छत्तीसगढ़ को वैश्विक इंजीनियरिंग निर्यात के नक्शे पर और मजबूती से स्थापित करने में मदद करेगा। इस तरह के आयोजन भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे ताकि राज्य के उद्यमी वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बना सकें।