लखनऊ, 31 जुलाई 2025। डायल 112 में अपर पुलिस अधीक्षक रही मोहिनी पाठक को योगी सरकार ने नई और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें अब यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड का अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
बता दें उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार 31 जुलाई 2025 को प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) संवर्ग के 15 अपर पुलिस अधीक्षकों (ASP) के तबादले किए। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनातियां की गई हैं। तबादला सूची के अनुसार, मोहिनी पाठक को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में अपर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, महेश सिंह अत्रि को पीटीएस मुरादाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर भेजा गया है।
डॉ. अर्चना सिंह को कानपुर नगर कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि धर्मेंद्र सचान को पुलिस मुख्यालय, लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात किया गया है। प्रमोद कुमार यादव को उपसेनानायक 36वीं वाहिनी पीएसी, वाराणसी के पद पर नियुक्त किया गया है। राजेंद्र प्रसाद यादव को सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। रंजन सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक/ स्टाफ ऑफिसर, कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक (स्थापना), मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, लखनऊ के पद पर तैनाती दी गई है।
अभय कुमार मिश्र को सतर्कता प्रतिष्ठान, लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है, जबकि अशोक कुमार यादव को ईओडब्ल्यू मुख्यालय, लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। कृष्ण कांत सरोज को अपर पुलिस अधीक्षक (अभिसूचना), मेरठ के पद पर तैनात किया गया है। डॉ. राजीव कुमार सिंह को सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा, डॉ. हृदेश कठेरिया को बदायूं में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नियुक्त किया गया है। राहुल मिश्रा को देवरिया में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) के पद पर भेजा गया है, जबकि अरविंद कुमार को कार्यालय पुलिस महानिरीक्षक (स्थापना), मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, लखनऊ में अपर पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात किया गया है।
यह तबादले तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। अधिकारियों को नए पदों पर जल्द से जल्द कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस फेरबदल से पुलिस प्रशासन में कार्यकुशलता और प्रभावी प्रबंधन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।