रायपुर, 10 अगस्त 2025। रायपुर के जयस्तंभ चौक में स्वदेशी जागरण मंच ने 10 अगस्त को स्वदेशी सुरक्षा एवं स्वावलम्बन अभियान का शंखनाद किया। मंच के प्रांत संयोजक जगदीश पटेल ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग का महत्व विस्तार से समझाया।
कबीरपंथ के संत देवकर साहेब ने कहा कि स्वदेशी वस्तुएं अपनाने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। छत्तीसगढ़ चेंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के कार्यकारी अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा ने हर दुकान में स्वदेशी कोना बनाने की बात कही।
कैट के नेशनल वाइस चेयरमैन अमर परवानी ने कहा कि स्वदेशी वस्तुएं हमारे दैनिक जीवन में अपनाने से देश आत्मनिर्भर होगा। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने स्वदेशी वस्तुओं के क्रय-विक्रय और उपयोग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
विदेशी कंपनियों के उत्पाद जैसे पेप्सी-कोला को सार्वजनिक स्थान पर बहाकर उनका प्रतीकात्मक बहिष्कार किया गया। कार्यकर्ताओं ने विदेशी उत्पाद पर झाड़ू लगाकर विदेशी कंपनियां भारत छोड़ो का सशक्त संदेश दिया।
जनता में स्वदेशी और विदेशी वस्तुओं की सूची बांटी गई ताकि लोग सही खरीदारी का निर्णय ले सकें। महिला और पुरुष प्रतिभागियों ने रैली निकालकर शारदा चौक तक स्वदेशी वस्तुएं अपनाओ का प्रचार किया।
विदेशी कंपनियों का पुतला फूंका
रैली के बाद जयस्तंभ चौक लौटकर विदेशी कंपनियों का पुतला दहन कर विरोध जताया गया। छत्तीसगढ़ चेंबर आफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ पदाधिकारी और विभिन्न आर्थिक संगठनों के प्रमुख उपस्थित रहे।
महिला शक्ति ने नारे लगाकर स्वदेशी आंदोलन को और मजबूत किया। आयोजकों ने कहा कि इस अभियान से स्थानीय उद्योग और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। स्वदेशी जागरण मंच का उद्देश्य देशभर में स्वदेशी जागरूकता फैलाना और विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता घटाना है।
प्रतिभागियों ने बताया कि स्वदेशी वस्तुएं खरीदने से न केवल देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, बल्कि स्थानीय व्यापारियों का मनोबल भी बढ़ता है।













