• Home
  • छत्तीसगढ़
  • छत्तीसगढ़ मानव अधिकार आयोग ने हर्षोल्लास से मनाया 79वां स्वतंत्रता दिवस
छत्तीसगढ़ मानव अधिकार आयोग ने हर्षोल्लास से मनाया 79वां स्वतंत्रता दिवस

छत्तीसगढ़ मानव अधिकार आयोग ने हर्षोल्लास से मनाया 79वां स्वतंत्रता दिवस

रायपुर, 16 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग, रायपुर में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरिधारी नायक ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया, जिसमें आयोग के सदस्य गोविंद मिश्रा, सभी अधिकारी और कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। समारोह में उपस्थित सभी ने स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की एकता व अखंडता के लिए संकल्प लिया।

गिरिधारी नायक ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें उन वीर सपूतों की कुर्बानियों को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश को स्वतंत्रता दिलाई। नायक ने मानव अधिकारों के संरक्षण और संवर्धन के लिए आयोग की प्रतिबद्धता दोहराई, साथ ही सभी कर्मचारियों से कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानव अधिकारों की रक्षा देश की प्रगति और समावेशी विकास का आधार है।

सदस्य गोविंद मिश्रा ने अपने उदबोधन में स्वतंत्रता के मूल्यों को संजोने और समाज में समानता व न्याय सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक दिन हमें अपने कर्तव्यों और देश के प्रति जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। आयोग परिसर को तिरंगे और रंग-बिरंगे झंडियों से सजाया गया था, जिसने माहौल को उत्सवमय बनाया। कर्मचारियों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।