• Home
  • छत्तीसगढ़
  • पार्सल बम भेजकर रची हत्या करने की साजिश, पुलिस ने 7 को दबोचा
पार्सल बम भेजकर रची हत्या करने की साजिश, पुलिस ने 7 को दबोचा

पार्सल बम भेजकर रची हत्या करने की साजिश, पुलिस ने 7 को दबोचा

रायपुर, 16 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ में पुलिस ने पार्सल बम से युवक की हत्या करने की साजिश के मामले का खुलासा किया है। मामला राज्य के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का है। पुलिस ने एक स्पीकर में छिपा 2 किलोग्राम का इम्प्रूवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किया है और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला तब सामने आया जब गंडई के एक दुकान पर एक गिफ्ट-रैप्ड पार्सल डिलीवर हुआ, जिस पर फर्जी इंडिया पोस्ट का लोगो और मानपुर, नर्मदा थाना गंडई निवासी अफसार खान का पता अंकित था। प्राप्तकर्ता ने पार्सल को संदिग्ध मानकर तुरंत पुलिस को सूचित किया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पार्सल को कब्जे में लिया और बम निरोधक दस्ते की सहायता से जांच शुरू की। जांच में पता चला कि पार्सल में एक ब्रांड-न्यू स्पीकर के अंदर 2 किलो का आईईडी छिपाया गया था।

प्लग-इन करते ही हो जाता विस्फोट

तकनीकी परीक्षण से यह स्पष्ट हुआ कि विस्फोटक तब तक निष्क्रिय रहता जब तक उसे बिजली के स्रोत से न जोड़ा जाए। जैसे ही स्पीकर को प्लग-इन किया जाता, करंट डिटोनेटर तक पहुंचकर विस्फोट करता, जिसमें जेलाटिन स्टिक मुख्य विस्फोटक के रूप में इस्तेमाल की गई थी। डिटोनेटर को स्पीकर की वायरिंग से जोड़ा गया था, और स्पीकर का बाहरी आवरण विस्फोट के बाद घातक छर्रों में बदल जाता, जिससे जानलेवा नुकसान हो सकता था।

विनय वर्मा ने आनलाइन सीखी तकनीकि

पुलिस की गहन जांच में इस साजिश के पीछे एक सुनियोजित षड्यंत्र का खुलासा हुआ। मुख्य आरोपी विनय वर्मा ने आनलाइन ट्यूटोरियल्स की मदद से इस आईईडी को तैयार किया। जांच से पता चला कि इस साजिश का मकसद अफसार खान की हत्या करना था। इसके लिए विस्फोटकों की आपूर्ति दुर्ग जिले की एक पत्थर खदान से अवैध रूप से की गई थी।

पुलिस ने सात आरोपियों विनय वर्मा, परमेंश्वर वर्मा, गोपाल वर्मा, खिलेश वर्मा, घासीराम वर्मा, गोपाल सतनामी और दिलीप धीमर को गिरफ्तार किया। परमेंश्वर वर्मा ने जेलाटिन खरीद के लिए 6,000 रुपये नकद दिए, विनय ने कएऊ तैयार कर पार्सल डिलीवर किया, गोपाल वर्मा ने डिलीवरी में सहायता की, खिलेश ने फर्जी इंडिया पोस्ट लोगो और पता बनाया, जबकि घासीराम ने आपूर्तिकर्ताओं गोपाल सतनामी और दिलीप धीमर से जेलाटिन की व्यवस्था की।

अवैध विस्फोटक नेटवर्क का पर्दाफाश

पुलिस ने आपूर्तिकर्ताओं के ठिकानों पर छापेमारी कर 60 जेलाटिन स्टिक और 2 डिटोनेटर बरामद किए, जिससे अवैध विस्फोटक नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में हाल ही में लागू पुलिस कमिश्नर प्रणाली की सतकर्ता और त्वरित निर्णय क्षमता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस साजिश का भंडाफोड़ न केवल एक बड़ी आपदा को टालने में सफल रहा, बल्कि अवैध विस्फोटक व्यापार पर भी नकेल कसेगा।