प्रतापगढ़, 24 अगस्त 2025। प्रतापगढ़ के कटरा रोड स्थित ग्राम पूरे बेदुआ में वरिष्ठ लेखा परीक्षक राजेश शर्मा के आवास पर महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित राज कुमार शुक्ल की 150वीं जयंती पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर पुष्प अर्पण, दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई।
मुख्य वक्ता अशोक शर्मा ने कहा कि पंडित राज कुमार शुक्ल ने 1916 में लखनऊ के कांग्रेस अधिवेशन में महात्मा गांधी से मुलाकात कर उन्हें चम्पारण आने का आग्रह किया। उनके इस प्रयास से 1917 में चम्पारण सत्याग्रह शुरू हुआ, जो किसानों को नील की जबरन खेती और अंग्रेजों के अत्याचार से मुक्ति दिलाने में ऐतिहासिक साबित हुआ। एक साधारण किसान होते हुए भी शुक्ल जी ने असाधारण साहस और दृढ़ निश्चय का परिचय दिया, जिससे वे स्वतंत्रता संग्राम के नायक बने।
वक्ताओं ने बताया कि भट्ट ब्राह्मण कुल में जन्मे पंडित राज कुमार शुक्ल ने सत्य, साहस और न्याय के मूल्यों को अपनाया। उनकी प्रेरणा से न केवल किसान समुदाय, बल्कि समूचा समाज प्रभावित हुआ। उनकी विरासत आज भी हमें आत्मनिर्भरता और संघर्ष की प्रेरणा देती है।
संगोष्ठी में अशोक शर्मा, राजेश शर्मा, डॉ. संजय शर्मा, प्रभात शर्मा, केके शर्मा, नंद कुमार शर्मा, उदयराज तिवारी, राजेश भट्ट, सुनील शर्मा, देवनाथ राय, अतिथि शर्मा, तरुण शर्मा, अरविंद कुमार शर्मा, शिवम् शर्मा, परमानंद पांडेय, अजय शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस आयोजन ने पंडित राज कुमार शुक्ल के योगदान को याद करने का अवसर प्रदान किया और युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरित होने का संदेश दिया।
















