• Home
  • यूपी
  • प्रतापगढ़ उप कृषि निदेशक कार्यालय भ्रष्टाचार का अडडा बना, डीएम के निरीक्षण में खुली पोल
प्रतापगढ़ उप कृषि निदेशक कार्यालय भ्रष्टाचार का अडडा बना, डीएम के निरीक्षण में खुली पोल

प्रतापगढ़ उप कृषि निदेशक कार्यालय भ्रष्टाचार का अडडा बना, डीएम के निरीक्षण में खुली पोल

प्रतापगढ़, 24 अगस्त 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता वाला उप कृषि निदेशक कार्यालय भ्रष्टाचार का अडडा बन गया है। इसकी पोल जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी के निरीक्षण में खुल गयी। लगातार अनुपस्थित कर्मचारी जागृति सिंह को वेतन दिया जा रहा था। 4-4 कर्मचारियों को एक साथ अवकाश स्वीकृत किया जा रहा था। जिलाधिकारी ने इस पर नाराजगी जाहिर की है।

23 अगस्त को जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने उप कृषि निदेशक कार्यालय, उद्यान विभाग एवं भूमि संरक्षण कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उप कृषि निदेशक कार्यालय के औचक निरीक्षण में डीएम ने कार्यालय के समस्त कक्षों को देखा एवं शौचालय में गन्दगी मिलने पर नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने कार्यालय के उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया जिसमें पाया गया कि 04 कर्मचारी एक ही दिन आकस्मिक अवकाश लिये थे। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुये उप कृषि निदेशक विनोद कुमार यादव को निर्देशित किया कि एक साथ इतने कर्मचारियों को छुट्टी न दी जाये जिससे कार्यालय के कार्यो में बाधा न उत्पन्न हो।

उपस्थिति पंजिका में यह भी पाया गया कि कर्मचारी जागृति सिंह लगातार अनुपस्थित चल रही थी। इसके बावजूद भी वेतन आहरित किया गया था। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है। उप कृषि निदेशक से जानकारी ली गयी कि कार्यालय में आने वाले पत्रों पर कार्यवाही हेतु किसको मार्क किया जाता है। बताया गया कि प्रधान सहायक विजय सिंह को मार्क किया जाता है।

निरीक्षण में प्रधान सहायक की कमियां पाये जाने पर जिलाधिकारी ने प्रधान सहायक की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिये और कहा कि यदि कार्यो में सुधार नहीं होता है इनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाये। डीएम ने उप कृषि निदेशक को निर्देशित किया कि एक महीने के अन्दर अपने कार्यालय में सुधार लाये, यदि सुधार नहीं होता है कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। उन्होने यह भी निर्देशित किया कि समस्त पटल सहायकों की मेज पर नाम व पदनाम की पट्टिका रखी जाये और कार्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर की जाये।