प्रतापगढ़, 10 सितंबर 2025। आलोक पांडेय की पहल से बदहाली में रह रहे एक परिवार को शासन की योजनाओं का लाभ मिल गया। इस कार्य में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की संवेदनशीलता की जितनी सराहना की जाये कम है। जिलाधिकारी ने कहा है कि ऐसे परिवार, जो गरीब हैं और उन तक शासन की योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच रहा है तो इसकी उन्हें जानकारी दें, वह उन परिवारों तक शासन की योजनाओं को पहुंचाएंगे।
मामला प्रतापगढ़ शहर के करीब बसे पूरनपुर पटखान गांव का है। इस गांव के कुशल चंद्र शुक्ल का परिवार बेहद गरीबी में जीवन यापन कर रहा है। टूटे फूटे कच्चे मकान में कुशल चंद्र अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ किसी तरीके से गुजारा कर रहे हैं। कुशल चंद शुक्ला की पत्नी आंख की समस्या से पीड़ित हैं। बेटियों की शिक्षा का संकट होने के साथ-साथ परिवार के पालन पोषण का भी संकट है।
स्वास्थ्य की समस्याओं को दूर करने में आर्थिक परेशानी सामने खड़ी हो जाती है। यह जानकारी मिलने पर भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता आलोक पांडेय पूरनपुर पटखान पहुंचे और परिवार से मुलाकात की। शुक्ला परिवार का जर्जर मकान और माली हालत देखकर भाजपा नेता द्रवित हो उठे। उन्होने बच्चों की पढ़ाई का पूरा जिम्मा लेते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने मामले को संज्ञान ले लिया।
जिलाधिकारी ने भाजपा नेता आलोक पांडेय के नेतृत्व में पूरे परिवार को अपने कैंप कार्यालय बुलवा लिया। मंगलवार 9 सितंबर 2025 की सुबह जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय पहुंचे कुशल चंद्र के परिवार ने अपनी सारी व्यथा सुनाई। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ही अपने अधीनस्थों को उक्त गरीब परिवार की हर संभव मदद करते हुए सरकारी योजनाओं से आच्छादित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने अधिकारियों को दो दिनों के भीतर जमीन आवंटन, सरकारी आवास, शिक्षा की व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधा की पूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने कहा कि शासन समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समस्त सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। जहां भी इस प्रकार की सूचना प्राप्त होती हैं उसके लिए हम त्वरित कार्रवाई करने के लिए तत्पर रहते हैं। आज इस परिवार से हमने भेंट की और उनकी समस्याओं के निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया है।
भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय मंत्री, आलोक पांडेय ने कहा कि जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय में पीड़ित परिवार से मिलकर शासन और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, वह सराहनीय है। राजनीति सेवा का माध्यम है और सेवा के माध्यम से ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है।















