• Home
  • यूपी
  • विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 5 अक्टूबर से, लापरवाही करने वाले दंडित होंगे
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 5 अक्टूबर से, लापरवाही करने वाले दंडित होंगे

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 5 अक्टूबर से, लापरवाही करने वाले दंडित होंगे

प्रतापगढ़, 22 सितम्बर 2025। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में 5 से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान संचालित होगा। इसी अवधि में 11 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जायेगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को संचारी रोगों से बचाव को लेकर जागरूक किया जाएगा।

अभियान को सफल और सार्थक बनाने को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डा. दिव्या मिश्रा ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी, सभी संबंधित विभागों के अधिकारी, नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी, समस्त अधीक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, यूनीसेफ के जनपद स्तरीय प्रतिनिधि द्वारा प्रतिभाग किया गया।

बैठक में पूर्व के फीडबैक पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जनपद में 05 से 31 अक्टूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं 11 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान चलाया जायेगा। समस्त विभागों के अधिकारियों एवं नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियों को उनके कार्य और उत्तरदायित्व के बारे में बताया गया।

मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर इसे अति महत्वपूर्ण मानते हुए गंभीरता से लिया जाए। जिससे समस्त जनपद में संचारी रोगों की गतिविधियां सफलतापूर्वक संचालित हो सकें और जिले की रैंकिंग प्रदेश स्तर पर सुधर सके।

संचारी रोगों की रोकथाम के लिए अंतर्विभागीय समन्वय पर जोर देते हुए सीडीओ ने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और डायरिया जैसे रोगों से निपटने के लिए युद्धस्तर पर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित कार्यों की जानकारी अधीनस्थों को देने और खंड विकास स्तर पर माइक्रोप्लान बनाने का निर्देश भी दिया।

नगर पालिका और पंचायत अधिकारियों को सफाई, सैनिटाइजेशन, फॉगिंग और एंटीलार्वा छिड़काव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से अभियान की पूरी तैयारी करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, शिक्षा और पशुपालन जैसे सभी संबंधित विभागों को स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर जिम्मेदारी से काम करने को कहा ताकि अभियान सफल हो सके।

उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के कार्यो में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एएन प्रसाद, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे, जिला कार्यक्रम अधिकारी ज्योति शाक्य व अन्य सम्बन्धित अधिकारी व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।