Join US

गाजा और इजरायल के बीच युद्ध खात्मे के आसार बढ़े, ट्रंप ने सुझाया फार्मूला

वाशिंगटन, 30 सितंबर 2025। गाजा और इजरायल के बीच युद्ध खात्मे के आसार बढ़ गये हैं। दोनों देशों के बीच दो साल से चले रहे संघर्ष को खत्म कराने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पहल की है। इसके लिए ट्रंप ने 20 सूत्रीय फार्मूला सुझाया है। साथ ही ट्रंप ने अपने सुझाव में गाजा का एक नया नक्शा भी तैयार किया है। ट्रंप ने जो नक्शा पेश किया है, उसके अनुसार अब गाजा और इजरायल के बीच एक बफर जोन बना रहेगा।

ट्रंप के सुझाव में क्या

  • नीली रेखा दक्षिणी गाजा पट्टी में शहर खान युनिस के पास है, जहां तक इजरायली डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) का कंट्रोल है।
  • इसके बाद पीले रंग की एक फर्स्ट विड्रॉल लाइन है, जो राफा से होकर गुजर रही है और इसका मतलब है कि बंधकों की रिहाई के बाद आईडीएफ पीली रेखा तक आ जाएगी।
  • यहां के बाद लाल रंग की सेकेंड विड्रॉल लाइन खींची गई है, जहां इजरायली डिफेंस फोर्स आकर रुक जाएगी। फिर बफर जोन की शुरुआत होगी।

अरब और मुस्लिम देशों ने किया समर्थन

राष्ट्रपति ट्रंप ने गाजा में संघर्ष खत्म करने को लेकर जो 20 सूत्रीय प्रस्ताव पेश किया है, उसे अरब और मुस्लिम देशों के अलावा भारत ने भी अपना समर्थन दिया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गाजा में सीजफायर को लेकर ट्रंप के प्लान का स्वागत किया है।

इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने भी ट्रंप के इस प्रस्ताव पर कोई ऐतराज नहीं जताया। गाजा संघर्ष पर चर्चा करने के बाद कतर और मिस्र के मध्यस्थों ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का ये प्रस्ताव हमास को दिया है। हमास की ओर से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है।

हमास का कहना है कि वह किसी भी तरह का आधिकारिक बयान देने से पहले इस प्रस्ताव पर गहन विचार करेगा। गाजा में सीजफायर के प्लान पर चर्चा करने के लिए इजरायली पीएम नेतन्याहू अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से वाशिंगटन डीसी में मुलाकात की थी।