रायपुर, 3 अक्टूबर 2025। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और भारत के घरेलू ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म फ्लिपकार्ट ने मिलकर रायपुर में स्वयं सहायता समूहों की महिला उद्यमियों के जीवन में बदलाव लाने का बीड़ा उठाया है। एक साझेदारी के माध्यम से ये प्रतिभाशाली महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को फ्लिपकार्ट के आनलाइन मार्केटप्लेस पर प्रदर्शित करने और बेचने का कार्य करेंगे।
इसके लिए शुकवार 3 अक्टूबर को शहीद स्मारक भवन में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पहुंचकर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार के प्रयासों पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब महिलाएं फ्लिपकार्ट जैसे आनलाइन मंचों के जरिए अपने उत्पाद बेच सकेंगी। इससे उनकी पहुंच देश-विदेश तक होगी और वे अपने व्यवसाय को आसानी से बढ़ा सकेंगी।
हम इस सहयोग के लिए आभारी : रजनीश कुमार
फ्लिपकार्ट समूह के मुख्य कॉर्पोरेट मामलों के अधिकारी, रजनीश कुमार ने कहा कि रायपुर की कार्यशाला का सफल समापन पूरे भारत में एमएसएमई और कारीगरों को सशक्त बनाने के लिए फ्लिपकार्ट की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। हम इस सहयोग के लिए आभारी हैं और छत्तीसगढ़ और उसके बाहर एमएसएमई पारिस्थितिकी तंत्र को और मजबूत करने के लिए इस गति को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं।
कार्यशाला में दिया गया तकनीकी प्रशिक्षण
कार्यशाला में स्व—सहायता समूह की महिलाओं को फ्लिपकार्ट की टीम के द्वारा तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर महिला उद्यमियों ने उसी समय अपने मोबाइल पर पंजीकरण कराकर अपने उत्पाद को फ्लिपकार्ट प्लेटफार्म के जरिए बेचने का मार्ग भी प्रशस्त कर लिया। कार्यक्रम में महिला उद्यमियों ने अपने अनुभव भी साझा किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एक सरकारी पहल है जो ग्रामीण गरीबी को कम करने और भारत की ग्रामीण आबादी के लिए स्थायी आजीविका को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।













