प्रतापगढ़, 8 अक्टूबर 2025। अवधी साहित्य जगत में प्रतापगढ़ जिले का नाम रौशन करने वाले साहित्यकार आद्या प्रसाद उन्मत्त को मरणोपरांत पंडित कृपा शंकर ओझा लोकतंत्र सेनानी सम्मान से अलंकृत किया गया है। यह अलंकरण 8 अक्टूबर 2025 को धर्माचार्य ओम प्रकाश पांडेय अनिरुद्ध रामानुज दास ने उन्मत्त जी के पुत्र आलोक आजाद को प्रदान किया।
धर्माचार्य ओम प्रकाश पांडेय अनिरुद्ध रामानुज दास ने हिन्दी पखवारा के समापन समारोह में हिन्दी साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले साहित्यकारों के लिए दो सम्मान की घोषणा की थी। उन्मत्त जी ने अवधी साहित्य को अपनी रचनाओं से सिरमौर बनाया। उनकी रचनाओं का संग्रह स्रातक स्तर तक की शिक्षा के क्षेत्र में अंगीकार किया गया है।
यह सम्मान अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर देल्हूपुर बाजार के समीप खरवई ग्रामसभा में बकुलाही तट पर स्थित संकट मोचन बालाजी धाम पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया। इस मौके पर प्रतापगढ़ के मनरेगा लोकपाल डॉ. समाज शेखर, गौरा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख पूर्णांशु ओझा श्यामू, और एमएलसी महेंद्र सिंह के प्रतिनिधि दिनेश शर्मा समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।














