रायपुर, 13 अक्टूबर 2025। सोने और चांदी की कीमतों में उछाल से छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन चिंतित है। वैश्विक आर्थिक अस्थिरता, ब्याज दरों में संभावित कटौती और त्योहारी मांग के बीच आज सोने-चांदी के भावों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। रायपुर सहित पूरे प्रदेश के सराफा बाजारों में निवेशकों और उपभोक्ताओं की गतिविधियां तेज रहीं। हालांकि, कीमतों में आए इस अप्रत्याशित उछाल ने पारंपरिक सराफा व्यापारियों को चिंतित कर दिया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका-चीन तनाव, मध्य पूर्व में जारी भू-राजनीतिक संकट और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की संभावित ब्याज दर कटौती की अटकलों ने निवेशकों को फिर से सुरक्षित निवेश यानी सोने की ओर मोड़ दिया है। एक वरिष्ठ विश्लेषक के अनुसार, 72,500 प्रति 10 ग्राम से ऊपर सोने का ब्रेकआउट एक मजबूत तेजी का संकेत है, लेकिन निवेशकों को इस स्तर पर खरीदारी करते समय सतर्क रहना चाहिए, क्योंकि मुनाफावसूली की संभावना बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन की पहल
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि 14 अक्टूबर को विश्व मानक दिवस पर सराफा प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात करेगा। यह अवसर सराफा व्यापारियों के लिए स्वर्णिम मंच होगा, जहां पारंपरिक व्यापार की समस्याएं और सुझाव मुख्यमंत्री एवं भारतीय मानक ब्यूरो के समक्ष रखे जाएंगे।
सराफा व्यापार की चुनौतियां
कमल सोनी ने कहा कि बड़ी कॉर्पोरेट कंपनियां आनलाइन माध्यम से भ्रामक विज्ञापनों और झूठे प्रलोभनों के जरिए बाजार में अनुचित प्रतिस्पर्धा पैदा कर रही हैं। इससे छोटे और पुश्तैनी व्यापारियों का अस्तित्व खतरे में है।
मुख्यमंत्री से मुलाकात में उठेंगे प्रमुख मुद्दे
- पारंपरिक सराफा व्यापार को संरक्षण नीति में शामिल करना
- स्वर्ण आभूषण व्यापार के लिए स्वतंत्र नीति का गठन
- आनलाइन मूल्य हेराफेरी और अनुचित प्रतिस्पर्धा पर नियंत्रण
- छोटे व्यापारियों के लिए ब्याजमुक्त ऋण सुविधा













