रायपुर, 7 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ की मनोरंजन दुनिया आज उत्साह से भर गई जब राज्य के 55 सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स में फिल्म एमए प्रीवियस की प्रीव्यू रिलीज हुई। फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने और लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से रिलीज से दो दिन पहले राजधानी रायपुर में यू-ट्यूबर्स और इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर्स का भव्य ओपन मीटअप आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कंटेंट क्रिएटर्स ने हिस्सा लिया और माहौल को जीवंत बना दिया।
आयोजन में फिल्म एमए प्रीवियस के सितारे दीपक साहू, राज वर्मा, हिरनमयी दास और अराधना साहू ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को और भी खास बना दिया। साथ ही, फिल्म के लेखक और डायरेक्टर प्रणव झा ने मंच की शोभा बढ़ाई। इंफ्लुएंसर्स के चटपटे सवालों के जवाब कलाकारों ने बेबाक़ और मनोरंजक अंदाज में दिए, जिससे सबका दिल जीत लिया।
कार्यक्रम की खासियत रही कि फिल्म के सुमधुर गीतों पर कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे माहौल और भी रंगीन और उत्साहित हो गया। इसी दौरान कौशल शर्मा की फिल्म पत्रिका छत्तीसगढ़ सिनेमा स्कोप का विमोचन भी किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ पत्रकार अनिरुद्ध दुबे, पीआरओ दिलीप नामपल्लीवार, पत्रकार पीएलएन लक्की, फिल्म प्रोड्यूसर लखी सुंदरानी, वितरक सुनील बजाज और प्रभात टॉकीज़ के संचालक लक्की रंगशाही समेत कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्य टॉरगेट ने किया।
फिल्म एमए प्रीवियस को बीए सीरीज के निर्माता-निर्देशक प्रणव झा ने निर्देशित किया है। इसमें राज वर्मा ने निर्माण के साथ-साथ बतौर अभिनेता भी दमदार भूमिका निभाई है। ट्रेलर में राज वर्मा और दीपक साहू की जोड़ी ने दर्शकों के बीच उत्सुकता और आकर्षण दोनों बढ़ा दिया है।
















